कौशाम्बी में एसटीएफ और थाना कोखराज पुलिस की संयुक्त छापेमारी, ट्रक चोरी गिरोह का पर्दाफाश

सचिन पाण्डेय,कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। कौशाम्बी जिले में बुधवार देर रात यूपी एसटीएफ की प्रयागराज टीम और कोखराज थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर ट्रकों की फर्जी खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने कोखराज थाने के पीछे बने एक यार्ड में छापेमारी कर फर्जी नम्बर प्लेट लगी दो नई ट्रकें बरामद कीं। इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ़ एफआईआर दर्ज की गई है, जिनमें गिरोह का सरगना कासिम अहमद भी शामिल है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, कासिम प्रयागराज के मरियाडीह रसूलपुर थाना पुरामुफ्ती क्षेत्र का निवासी है। उसने कोखराज थाने के पीछे यार्ड बनाकर गाड़ियों की खरीद-बिक्री का धंधा शुरू कर रखा था। वह पुराने चेसिस नंबर बदलकर फर्जी चेसिस नंबर पंच करवाता और प्रयागराज एआरटीओ कार्यालय से फर्जी कागजात बनवाकर ट्रकों को बेचता था। छापेमारी में बरामद ट्रकों के कागजात की जांच की जा रही है। पूछताछ में उसने बताया कि एक 16 चक्का ट्रक असम से खरीदी थी और एनओसी के माध्यम से प्रयागराज आरटीओ से अपने नाम पर ट्रांसफर करवाई थी। हालांकि, अपनी पुरानी 16 चक्का ट्रक के बारे में वह पुलिस को संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
कासिम ने पूछताछ में दो अन्य सहयोगियों के नाम भी बताए, जिनमें अनिल तिवारी और मोहम्मद तारिक शामिल हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी चंद भूषण मौर्य ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि शेष दो की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button