अमेरिका जाने की छूटी फ्लाइट तो 3.90 लाख का टिकट गया बेकार, अब ग्वालियर के शख्स को रेलवे देगा मुआवजा

ग्वालियर/मध्य प्रदेश। ग्वालियर के शख्स की फ्लाइट छूट गई थी। फ्लाइट दिल्ली से अमेरिका की थी। परिवार के साथ जाने के लिए 3.90 लाख रुपए का टिकट था। मगर रेलवे की लेटलतीफी की वजह से फ्लाइट छूट गई थी। इसके बाद शख्स ने उपभोक्ता फोरम में शिकायत की थी। अब रेलवे को उसकी क्षतिपूर्ति देनी होगी।
दरअसल, ग्वालियर निवासी शैलेंद्र सिंह कुशवाह को अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ अमेरिका जाना था। दिल्ली से रात आठ बजे उनकी फ्लाइट थी। इसके लिए उन्होंने ग्वालियर से दिल्ली जाने के लिए ट्रेन में टिकट लिया था। ग्वालियर स्टेशन से ट्रेन की टाइमिंग सुबह 8 बजकर 50 मिनट पर थी। लेकिन ट्रेन 12 बजकर 54 मिनट पर आई। इसकी वजह से शैलेंद्र सिंह कुशवाह की फ्लाइट छूट गई।
3.90 लाख रुपए का था टिकट
अमेरिका के वांशिगटन जाने के लिए शैलेंद्र सिंह कुशवाह ने 3.90 लाख रुपए का टिकट लिया था। ट्रेन लेट होने की वजह से फ्लाइट का टिकट बेकार हो गया। साथ ही नेक्स्ट फ्लाइट के लिए उन्हें अगले दो दिनों तक दिल्ली में ही रुकना पड़ा। इसकी वजह से होटल भी लेना पड़ा। इससे उनका अच्छा खासा नुकसान हुआ।
उपभोक्ता फोरम में की शिकायत
वहीं, भारतीय रेलवे की इस लापरवाही की वजह से उनका बड़ा नुकसान हुआ है। उन्होंने उपभोक्ता फोरम में इसकी शिकायत की। उत्तर मध्य रेलवे ने अपनी सफाई में कोई ठोस प्रमाण नहीं दे पाया कि ट्रेन क्यों लेट हुई है। कोहरे को कारण बताया जा रहा था लेकिन उसके दस्तावेजी साक्ष्य नहीं थे। ऐसे में आयोग ने रेलवे की दलीलें खारिज कर दीं।
25,000 रुपए का मुआवजा
पूरा मामला 7 जनवरी 2023 का है। मामले में उपभोक्ता फोरम ने कहा कि बहाना बनाकर रेलवे अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकता। इसके बाद आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद शर्मा ने रेलवे को शैलेंद्र कुशवाह को 25 हजार रुपए की क्षतिपूर्ति देने के आदेश दिए हैं। इसके साथ इस पर छह फीसदी ब्याज और मामले में खर्च रकम को भी लौटाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button