वाराणसी में गंगा की लहरों पर ‘नॉनवेज इफ्तारी’! कूड़ा नदी में फेंका, वीडियो बनाने वाले तहसीम सहित 14 गिरफ्तार

वाराणसी/उत्तर प्रदेश। ईद से ठीक पहले सामने आए एक वीडियो ने वाराणसी शहर में हड़कंप मचा दिया है। दरअसल, इस वीडियो में 15-20 मुस्लिम युवक गंगा नदी में नाव में बैठकर इफ्तारी करते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो को लेकर हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने आपत्ति जताते हुए कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए मदनपुरा इलाके के 14 युवकों को गिरफ्तार कर लिया है।
मंगलवार को सामने आए इस वीडियो को लेकर शहर में चर्चा छिड़ी हुई है। वीडियो में दिख रहा है कि करीब 15 से 20 रोजेदार गंगा नदी में एक नाव पर बैठे हैं और इफ्तार कर रहे हैं। वीडियो बनाने वाला युवक नाव पर रखी हुई खाने-पीने की चीजों को दिखा रहा है, जिसके एक हिस्से में बिरयानी भी रखी है। रोजा इफ्तार पार्टी का वीडियो सामने आते ही हिंदू संगठनों ने गहरी नाराजगी दर्ज कराई। हिंदू संगठनों ने कहा कि गंगा केवल नदी नहीं है, बल्कि मां है।
15 मार्च को अपलोड किया गया इफ्तार का वीडियो
इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए एसीपी कोतवाली विजय प्रताप ने बताया कि बीजेपी युवा मोर्चा से जुड़े रजत जायसवाल ने वीडियो को लेकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि वीडियो में दिख रहे मुस्लिम युवक नाव में बैठकर चिकन बिरयानी खाने के बाद उसके अवशेष गंगा नदी में फेंक रहे हैं। जांच में पता चला है कि यह वीडियो 15 मार्च को अपलोड किया गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने वीडियो में दिख रहे लोगो की तलाश शुरू कर दी।
एसीपी विजय प्रताप ने बताया कि मामले में अभी तक कुल 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में वीडियो को अपलोड करने वाला तहसीम भी शामिल है। गिरफ्तार किए गए सभी युवक बनारस के मदनपुरा इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है। इन सभी पर बीएनएस की धारा 298, 299, 296(1B), 270 और 279 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।




