फिटनेस और टैक्स फेल बस से बच्चों का सफर! SECL में सुरक्षा पर उठे सवाल
2025 से फिटनेस, टैक्स और PUC फेल बताई जा रही बस से स्कूल आना-जाना, दुर्घटना हुई तो जिम्मेदार कौन?

शोभित शर्मा,चिरमिरी/छत्तीसगढ़। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड (SECL) के चिरमिरी क्षेत्र में कर्मचारियों के बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने के लिए ठेके पर चल रही एक बस को लेकर सुरक्षा संबंधी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार बस क्रमांक CG 15 EB 7244 से बच्चों को स्कूल पहुंचाया जा रहा है, जबकि बताया जा रहा है कि इस वाहन का फिटनेस, टैक्स और PUC वर्ष 2025 से ही फेल बताया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि इन दस्तावेजों के फेल होने के बावजूद भी बस का संचालन धड़ल्ले से जारी है, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।
सुरक्षा नियमों की अनदेखी?
स्कूल बसों के संचालन के लिए परिवहन विभाग द्वारा फिटनेस, टैक्स, बीमा और PUC जैसे दस्तावेजों का वैध होना अनिवार्य होता है। इसके अलावा स्कूल बसों में सुरक्षा के कई मानक भी निर्धारित किए गए हैं। यदि किसी बस के दस्तावेज वैध नहीं हैं और फिर भी उससे बच्चों को स्कूल लाया-ले जाया जा रहा है, तो इसे गंभीर लापरवाही माना जा सकता है।
अगर दुर्घटना हुई तो जिम्मेदार कौन?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि इस बस से कोई दुर्घटना या अप्रिय घटना घटित होती है, तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? क्या साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड प्रशासन की, जिसने बस ठेके पर लगाई है, या फिर वाहन मालिक की, जो बिना वैध दस्तावेज के बस का संचालन कर रहा है?
जांच और कार्रवाई की मांग
इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने परिवहन विभाग और एस ई सी एल प्रबंधन से जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा मामला होने के कारण ऐसे वाहनों के संचालन पर तत्काल रोक लगनी चाहिए।
अब देखना होगा कि इस मामले में संबंधित विभाग और साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड प्रबंधन क्या कदम उठाता है और बच्चों की सुरक्षा को लेकर क्या कार्रवाई की जाती है।




