फसल की पत्तियों की तस्वीर खींचते ही एआई बताएगा बीमारी और दवा
आईआईआईटी भागलपुर ने तैयार किया ई-निरोग एप

दुर्गापुर/बिहार। खेत में खड़ी फसल को कौन से रोग ने घेरा है और इसका इलाज कैसे होगा…? किसानों को इसकी जानकारी अब मोबाइल पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) से मिल जाएगी। कृषि विज्ञानियों ने ऐसा एप्लीकेशन तैयार कर लिया है, जो फसल की पत्तियों से बीमारी की पहचान कर लेगा।
साथ ही किस दवा के छिड़काव से इलाज हो सकता है, यह जानकारी भी देगा। फसल के रोग की पहचान व इलाज की यह पूरी प्रक्रिया 8-10 सेकेंड में हो जाएगी। एप का नाम ‘ई-निरोग’ रखा गया है। इसमें अभी छह तरह की फसलों की बीमारी की जानकारी मिलेगी। अन्य फसलों में भी इसका उपयोग किया जा सकेगा। खेती-किसानी में मददगार यह एप भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आइआइआइटी), भागलपुर एवं बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर की पहल पर तैयार किया गया है। आइआइआइटी भागलपुर के पूर्व वीसी प्रो. अरविंद चौबे और उनके सहायक प्रो डा. संदीप राज ने एप बनाने में अहम भूमिका निभाई है। प्रो. चौबे वर्तमान में दुर्गापुर स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी (एनआइटी) के निदेशक हैं।
किसान फसल में रोग की पहचान खुद के अनुभव से करते हैं या कृषि विशेषज्ञ उन्हें जानकारी देते हैं। इसके बाद दवा एवं कीटनाशक का छिड़काव करना पड़ता है। इसमें काफी समय लगता है। ई-निरोग मोबाइल एप किसानों की यह समस्या महज आठ से 10 सेकेंड में हल कर देगा। किसानों को मोबाइल से फसल की पत्तियों की तस्वीर लेनी होगी। तस्वीर अपलोड करते ही कुछ सेकेंड में बीमारी का पता चल जाएगा। पत्तियां पीली होने या उनमें छेद होने जैसे रोग का तुरंत पता चलेगा।
प्रो.संदीप राज बताते हैं कि अभी करीब दो हजार किसान एप का इस्तेमाल कर रहे हैं। वर्ष 2022 में बिहार कृषि विवि और आइआइआइटी भागलपुर ने एप बनाने की शुरुआत की थी। इस एप के लिए डाटा एवं समाधान की जानकारी कृषि विश्वविद्यालय देता है, जहां से इसे एप में अपलोड किया जाता है। उन्होंने बताया कि अभी इस एप को और समृद्ध किया जा रहा है, जिसके बाद प्रत्येक तरह की फसल में इसका उपयोग हो सकेगा। फिलहाल इससे मक्का, धान, चना, आलू, टमाटर व सरसों में रोग का पता लगाया जा सकता है।
बीमारियां और कीट
- मक्का- फाल आर्मीवर्म, हरा दुर्गंधी कीट, मक्का छेदक, तना छेदक, गुलाबी तना छेदक।
- धान- बीट वेबवर्म, भूरा तना फुदका, बैंगनी धारीदार कीट, गांधी कीट, हरा पत्ता फुदका, सींग वाली सुंडी, पत्ता मोड़क कीट, धान मिलीबग, राइस स्किपर, तना छेदक, पीली पूंछ वाला पतंगा।
- चना- बोट्राइटिस ग्रे मोल्ड, तना गलन, मुरझा रोग। आलू : भूरा धब्बा रोग, अर्ली ब्लाइट (प्रारंभिक झुलसा)। टमाटर : प्रारंभिक झुलसा, पछेती झुलसा।
- सरसों- अल्टरनेरिया ब्लाइट




