भीषण गर्मी में भी आस्था का सैलाब, मां वैष्णो देवी में रोज़ाना उमड़ रहे हजारों श्रद्धालु
17 हजार से अधिक प्रतिदिन पहुंच रहे कटड़ा

सुदेश कुमार,कटड़ा/जम्मू। शुष्क मौसम के चलते क्षेत्र में दिन-प्रतिदिन तापमान बढ़ रहा है और गर्मी का असर भी महसूस होने लगा है। इसके बावजूद देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है और वे पूरे जोश व श्रद्धा के साथ मां वैष्णो देवी की पवित्र यात्रा जारी रखे हुए हैं।
दिन के समय बढ़ती गर्मी के कारण यात्रा मार्ग पर श्रद्धालु पसीने से तरबतर होते दिखाई दे रहे हैं, वहीं सुबह और रात्रि के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना हुआ है। ठंडी हवाओं के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु निरंतर मां वैष्णो देवी भवन की ओर प्रस्थान कर रहे हैं।
हेलीकॉप्टर, बैटरी कार, रोपवे और घोड़ा सेवा उपलब्ध
यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को सभी प्रकार की सुविधाएं बिना किसी परेशानी के उपलब्ध करवाई जा रही हैं। यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर सेवा, बैटरी कार सेवा, रोपवे व केबल कार सेवा के साथ-साथ घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं, जिनका श्रद्धालु लाभ उठा रहे हैं।
वर्तमान में प्रतिदिन करीब 17 हजार से 20 हजार श्रद्धालु मां वैष्णो देवी यात्रा के लिए आधार शिविर कटड़ा पहुंच रहे हैं। जानकारों का मानना है कि मार्च माह के दूसरे पखवाड़े में शुरू होने वाले पवित्र चैत्र नवरात्रों के दौरान यात्रा में और अधिक बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु कटड़ा के बाजारों में प्रसाद और अन्य धार्मिक वस्तुओं की खरीदारी भी कर रहे हैं, जिससे बाजारों में भी रौनक बनी हुई है। शुक्रवार, 6 मार्च को दोपहर तीन बजे तक करीब 13 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवा कर मां वैष्णो देवी भवन के लिए रवाना हो चुके थे, जबकि श्रद्धालुओं का आना लगातार जारी रहा।




