सीतापुर में खाना बनाते वक्त फटा गैस सिलेंडर, छह झुलसे
रेगुलेटर में रिसाव की वजह से हुआ हादसा

सीतापुर/उत्तर प्रदेश। मानपुर के अलउदीपुर में रविवार रात करीब आठ बजे गैस सिलेंडर में रिसाव होने से आग लग गई और वह फट गया। इससे उनके घर के साथ ही पड़ोसी के घर में भी आग लग गई और छह लोग झुलस गए। साथ ही गृहस्थी का सामान भी जल गया। फायर ब्रिगेड ने आग को काबू किया।
ओम प्रकाश कन्नौजिया की पत्नी इंद्रानी भोजन बना रहीं थीं। इसी दौरान हादसा हो गया। इसमें इंद्रानी, ओमप्रकाश, शोभित, अजय, अमित यादव और प्रदीप यादव को झुलस गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद प्रदीप और अमित को छुट्टी दे दी गई है। अन्य लोगों का उपचार चल रहा है। उप जिलाधिकारी बिसवां शिखा शुक्ला ने बताया कि राजस्व टीम भेजी गई है। थानाध्यक्ष मानपुर ने बताया अभिषेक मिश्र ने बताया झुलसे लोगों की हालत खतरे से बाहर है। आग को बुझाने में लोग आंशिक रूप से झुलसे हैं।




