सीलमपुर पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग केस का किया पर्दाफाश, आरोपी गिरफ्तार

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। उत्तर पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर थाना क्षेत्र में मोबाइल स्नैचिंग की वारदात को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुलझा लिया है। 25 फरवरी 2026 की दोपहर, धर्मपुरा ट्रैफिक लाइट के पास एक 23 वर्षीय युवती ने शिकायत दर्ज कराई कि जब वह एक टीएसआर में सफर कर रही थी, तभी वाहन के सिग्नल पर धीमा होने पर एक अज्ञात व्यक्ति ने उसके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर थाना सीलमपुर में एफआईआर संख्या 92/26 दर्ज की गई। जांच की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर नरपाल सिंह यादव, एसएचओ थाना सीलमपुर के नेतृत्व में एक विशेष टीम को सौंपी गई। टीम ने विभिन्न सुरागों पर काम करते हुए आरोपी सोनू उर्फ बंदर (25 वर्ष), पुत्र प्रकाश, निवासी भोपूरा, गाज़ियाबाद को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया और पीड़िता का मोबाइल फोन उसके कब्जे से बरामद कर लिया गया। विस्तृत जांच में सामने आया कि आरोपी पहले भी 15 से अधिक मामलों में शामिल रहा है, जिनमें लूट, स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े अपराध शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।




