कौशांबी में बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के प्लांट पर छापा, दूल्हा-दुल्हन का स्टीकर लगी गाड़ियों से पहुंची ईडी टीम

कौशांबी/उत्तर प्रदेश। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को बलिया के रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से बसपा विधायक उमाशंकर सिंह से जुड़ी छात्र शक्ति कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड (सीएसआईएल) के प्लांट पर छापा मारा। सरायअकिल थाना क्षेत्र के जयंतीपुर गांव के सामने संचालित गिट्टी और बालू मिक्सिंग प्लांट पर कई घंटे तक जांच-पड़ताल की गई।
प्लांट पर मौजूद एक कर्मचारी ने बताया कि ईडी की टीम दोपहर करीब 12:30 बजे सात गाड़ियों से पहुंची। खास यह कि गाड़ियों के शीशों पर दूल्हा-दुल्हन के शादी समारोह से संबंधित स्टीकर लगे थे। पहले उन्हें को लगा कि वाहन किसी समारोह में जा रहे होंगे या रास्ता भटक गए हैं। कुछ ही देर में गाड़ियों से अधिकारी और पुलिसकर्मी उतरकर प्लांट परिसर दाखिल हुए सभी आवाक रह गए।
कर्मचारियों को अंदर ही रोक दिया गया और उनके मोबाइल फोन समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए गए। सूत्रों के मुताबिक, प्रयागराज एयरपोर्ट से कौशाम्बी तपोस्थली तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण के ठेके और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की विशेष रूप से जांच की जा रही है। प्लांट में मौजूद जरूरी दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। कार्रवाई देर शाम तक जारी रही।




