दिल्ली में सीएम रेखा गुप्ता ने लॉन्च किया ‘जनसुनवाई पोर्टल’

अब एक क्लिक पर दर्ज होंगी सभी विभागों की शिकायतें

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को दिल्ली सचिवालय में अहम आइटी परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इनमें मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल एवं मोबाइल एप, कामन सर्विस सेंटर डिजिटल सेवा पोर्टल के माध्यम से ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाएं और ईडब्ल्यूएस/डीजी/सीडब्ल्यूएसएन एडमिशन आनलाइन प्लेटफार्म की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन सेवाओं का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को पारदर्शी, सुलभ और भ्रष्टाचार मुक्त बनाकर दिल्ली के नागरिकों को सशक्त बनाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम तकनीक के माध्यम से सरकार और जनता के बीच की दूरी को समाप्त कर रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि लांच किए गए पोर्टल और एप केवल डिजिटल प्लेटफार्म नहीं हैं, बल्कि ‘सुशासन’ और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रमाण हैं। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री आशीष सूद व सूचना व प्रौद्योगिकी मंत्री डा पंकज सिंह आदि भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल एवं मोबाइल एप
सीएम जनसुनवाई पोर्टल एक एकीकृत मंच के रूप में कार्य करेगा। इसी एक मंच पर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी), दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए), दिल्ली पुलिस और दिल्ली सरकार के सभी विभागों से जुड़ी शिकायतें दर्ज की जा सकेंगी। इसकी कार्यप्रणाली को बेहद सरल रखा गया है ताकि आम नागरिक बिना किसी तकनीकी परेशानी के अपनी बात कह सकें। लांच किए गए इस पोर्टल एवं मोबाइल की विशेषता यह है कि शिकायत दर्ज करने के लिए नागरिकों को चार माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें आनलाइन पोर्टल, मोबाइल एप, काल सेंटर (1902) और मुख्यमंत्री कार्यालय के माध्यम से आफलाइन व्यवस्था।
शिकायतों के निवारण के लिए तीन स्तरीय प्रणाली लागू की गई है, जिसमें जन शिकायत समाधान अधिकारी (जेएसएसए), अपीलीय प्राधिकार (एए) और अंतिम अपीलीय प्राधिकारी (एफएए) शामिल हैं।
शिकायत के लिए यूनिक रेफरेंस आइडी
प्रत्येक शिकायत के लिए एक यूनिक रेफरेंस आइडी जारी की जाएगी और प्रक्रिया के हर चरण पर एसएमएस के माध्यम से अपडेट दिया जाएगा। नागरिकों को रिमाइंडर भेजने और पूर्व में की गई शिकायतों को नई शिकायत से लिंक करने की सुविधा भी उपलब्ध होगी। अगर समाधान से संबंधित फीडबैक नकारात्मक मिलता है तो मामला खुद ही तत्काल उच्च स्तर पर चला जाएगा। पूरी व्यवस्था 100 प्रतिशत फीडबैक आधारित मॉनिटरिंग पर आधारित होगी, जिससे फील्ड स्तर पर अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल का आधिकारिक वेब पता https://cmjansunwai.delhi.gov.in है, जहां नागरिक सीधे आनलाइन जाकर अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। ‘CM Jansunwai’ नाम से इसका मोबाइल एप्लिकेशन भी उपलब्ध है, जिसे एंड्रायड उपयोगकर्ता गूगल प्ले स्टोर या वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। इस पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने के लिए वेबसाइट पर जाएं और ‘Register a Complaint’ या शिकायत दर्ज करें वाले विकल्प पर क्लिक करें। वहां आपका मोबाइल नंबर मांगा जाएगा, जिस पर ओटीपी। इसे भरकर आगे बढ़ें। फिर आपसे अपनी समस्या से जुड़ी जानकारी जैसे समस्याएं/शिकायत विवरण, विभाग (जैसे जल, बिजली, पेंशन आदि) और इलाका जैसे विवरण पूछे जाएंगे।
नागरिक यहां समस्या से जुड़े दस्तावेज भी अपलोड कर सकते हैं। शिकायत सबमिट करने के बाद आपको एक रेफरेंस या पंजीकरण नंबर मिलेगा, जिससे आप बाद में अपनी शिकायत की स्थिति आसानी से देख सकते हैं। इसके अलावा, पोर्टल पर शिकायत की स्थिति देखें, रिमाइंडर भेजें अगर समाधान में देरी हो रही हो, और फीडबैक/प्रतिक्रिया दें जैसे विकल्प भी हैं, इससे आप अपनी शिकायत के समाधान और गुणवत्ता की जानकारी स्वयं रख सकते हैं। इस तरह कोई भी आम नागरिक घर बैठे, किसी सरकारी कार्यालय जाए बिना, सीधे अपनी समस्या दर्ज कर सकता है और समय-समय पर उसकी प्रगति पर नजर रख सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button