अब ट्रेन की खिड़की से नहीं, छत से देखें कश्मीर की हसीन वादियां, रेलवे ने शुरू की अनोखी पहल

जम्मू/एजेंसी। अब रेल यात्री धरती के स्वर्ग कहे जाने वाले कश्मीर की प्राकृतिक सुंदरता और नजारों का लुत्फ विस्टाडोम कोच के माध्यम से ले पाएंगे। इस कोच में सफर करने वाले यात्री कांच की छत और बड़ी खिड़कियों से आनंदित हो सकेंगे। सफर के दौरान घाटी की खूबसूरती देखने का मौका मिलेगा। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में यात्रियों की सुविधाओं में लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को बड़गाम-कटड़ा के बीच चलने वाली विशेष ट्रेन संख्या 04688/ 04687 में एक विस्टाडोम कोच जोड़ा गया है।
यह रेलगाड़ी पहले बड़गाम से बनिहाल तक संचालित की जाती थी, लेकिन स्थानीय लोगों और कश्मीर आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधा प्रदान करवाने के लिए विशेष ट्रेन को बनिहाल की जगह श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा तक विस्तारित किया गया है। विस्टाडोम कोच की विशेषता की बात करें तो इनमें चौड़ी कांच की खिड़कियां और छत है, जिससे कश्मीर घूमने आए यात्री ट्रेन के बाहर के प्राकृतिक नजारों जैसे बर्फ से लदे पहाड़, नदियां और टनलों का 360 डिग्री से नजारों का आनंद लें सकते हैं।
यह कोच अन्य पर्यटन स्थल दार्जिलिंग जैसे क्षेत्रों में भी चलाए जा रहे हैं। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने यात्रियों को दी जाने वाली विशेष सुविधा पर कहा कि इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और विस्टाडोम कोच यात्रियों की यात्रा को आरामदायक और यादगार बनाएंगे। इससे कश्मीर पहुंचने में भी आसानी होगी। बड़गाम और कटड़ा के बीच यह विशेष रेलगाड़ी सोमवार से शनिवार तक चलती है। बड़गाम से यह सुबह 7:20 बजे निकलकर कटड़ा में दोपहर एक बजे पहुंचती है। कटड़ा से दोपहर 1:45 बजे चलकर रात में आठ बजे बड़गाम स्टेशन पर पहुंचती है। आइआरसीटीसी के अनुसार, इस विशेष ट्रेन में जोड़े गए विस्टाडोम कोच में कुल 29 सीट हैं और इसका किराया प्रति यात्री 1,265 रुपये है।

No photo description available.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button