नर्सिंग छात्रा की बर्थडे पार्टी में उसके मुस्लिम दोस्तों के साथ मारपीट करने वाले ऋषभ ठाकुर को किया गया जिला बदर

बरेली/उत्तर प्रदेश। दिसंबर के महीने में एक नर्सिंग छात्रा की बर्थडे पार्टी में घुसकर उसके मुस्लिम दोस्तों सग मारपीट करने वाले ऋषभ ठाकुर को बरेली से जिला बदर कर दिया गया है। ऋषभ ठाकुर 24 घंटे पहले ही जेल से बाहर आया था। बाहर आते ही बरेली पुलिस ने ऋषभ ठाकुर को 6 महीने के लिए जिला बदर का आदेश सौंपा और जिले की सीमा से बाहर ले जाकर छोड़ दिया। ऋषभ ठाकुर खुद को गऊ रक्षक और बजरंग दल से जुड़ा हुआ नेता बताता था, लेकिन बर्थडे में बवाल वाली घटना के बाद संगठन ने बयान जारी किया कि उसे पहले ही निष्कासित किया जा चुका है।
ऋषभ ठाकुर ने बीती 16 जनवरी को ही कोर्ट में सरेंडर किया था। सरेंडर करने के बाद कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। न्यायिक हिरासत खत्म होने के बाद बुधवार को ऋषभ जेल से बाहर आया और इसके बाद पुलिस ने उसे जिला बदर का आदेश थमा दिया। पुलिस ऋषभ को लेकर बरेली जिले की सीमा पर पहुंची और उसे बदायूं के बॉर्डर पर छोड़ दिया। ऋषभ को हिदायत दी गई कि 6 महीने तक वह बरेली की सीमा में प्रवेश नहीं करेगा।
आपको बता दें कि 27 दिसंबर को बरेली के एक कैफे में एक नर्सिंग छात्रा अपना जन्मदिन मना रही थी। इस पार्टी में उसके कई दोस्त पहुंचे थे, जिनमें दो युवक मुस्लिम भी थे। उसी दौरान ऋषभ ठाकुर अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और बर्थडे पार्टी में हंगामा कर दिया। उसने छात्रा के मुस्लिम दोस्तों संग मारपीट भी की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और इसके बाद पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की।
हालांकि, ऋषभ ठाकुर इस घटना के बाद फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट से ऋषभ के खिलाफ नॉन-बेलेबल वारंट हासिल किया और कोर्ट का आदेश उसके घर पर चिपका दिया। 16 जनवरी को उसने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। बरेली का रहने वाला ऋषभ किराए के घर में रहता है और बेरोजगार है। पुलिस के मुताबिक, उसके पिता छोटे-मोटे काम करके परिवार का गुजारा करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button