सोनभद्र में कंटेनर से नौ हजार लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, आरोपी गिरफ्तार

सोनभद्र/उत्तर प्रदेश। पिपरी थाना पुलिस ने खाड़पाथर के पास से एक कंटेनर से 1019 पेटी में 23,508 शीशी में नौ हजार 88 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद किया है। ट्रक को सीज कर दिया गया है। पुलिस ने ट्रक चालक राजस्थान के जैसलमेर जिला के फलसूंड थाना के रूपसर बलाड़ गांव निवासी श्रवण कुमार को गिरफ्तार कर लिया। दो अन्य आरोपित हरियाणा रोहतक निवासी प्रवीण कुमार व कोहिमा पीआर हिल निवासी वाहन स्वामी चाफियार अली की पुलिस को तलाश है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि प्रभारी निरीक्षक पिपरी सत्येन्द्र कुमार राय टीम के साथ हाईटेक तिराहा पर वाहनों की जांच कर रहे थे। सूचना मिली कि खाड़पाथर थाना हाथीनाला के जंगल मुख्य मार्ग से होकर एक कंटेनर शराब लेकर झारखंड के रांची जा रहा है।
इस पर पुलिस ने वाहन की जांच की और आरोपित श्रवण कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से शराब बरामद हुई। आरोपित के जेब से एक एंड्रायड मोबाइल व 950 रुपये नगद मिले। एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपित ने जानकारी दी कि प्रवीण कुमार निवासी रोहतक, हरियाणा कंटेनर में भरी अंग्रेजी शराब के पैकेट नाकोदर गांव के पास, लुधियाना क्षेत्र से उपलब्ध कराता था। उसके निर्देश पर कंटेनर को रांची के रास्ते बिहार ले जाया जा रहा था।
प्रवीण उससे वाट्सअप कॉल के जरिए संपर्क में रहता था। इस बार वह वाराणसी तक उसके साथ आया भी था। उसने बताया था कि रांची पहुंचने पर वह एक व्यक्ति को भेजेगा, जो कंटेनर लेकर बिहार जाएगा। बिहार में कंटेनर खाली होने के बाद उसे फोन किया जाएगा। तब वह वहां पहुंचकर कंटेनर ले जाएगा। उसे मेहनताना के रूप में 50 हजार रुपये मिलते। प्रवीण के कहने पर वह कंटेनर बताए व्यक्ति को सौंप देता था। वह पांच से छह बार कंटेनर रांची ले जा चुका है। बताया कि जानबूझकर वाहन पर फास्टैग नहीं लगाया जाता, ताकि टोल टैक्स के जरिए वाहन की पहचान न हो सके।



