दिल्ली पुलिस-फाइनेंस टीम पर हमला, पुलिस कर्मी सहित दो घायल, सात पर मुकदमा, तीन गिरफ्तार

हाथरस/उत्तर प्रदेश। रिकवरी के सात साल पुराने मामले में हाथरस में चंदपा के गांव चंद्रगढ़ी पहुंची दिल्ली पुलिस व फाइनेंस कंपनी की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों ने आरोपी युवक को छुड़ा लिया गया। पिटाई में फाइनेंस कंपनी के अधिकारी व पुलिस कर्मी को चोट आई हैं। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, जिनमें से तीन को गिरफ्तार किया गया है।
कैपिटल ट्रस्ट लिमिटेड की एमजी रोड, सुल्तानपुर दिल्ली शाखा में तैनात कर्मी करन सिंह ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा था कि गांव के इस्लाम ने सात साल पहले कंपनी से व्यापार के नाम पर लोन लिया था, लेकिन चुकाया नहीं। दो लाख रुपये का लोन था, जिसकी ब्याज लगाकर 2.80 लाख रुपये का भुगतान शेष है। आरोपी ने जो चेक दिया था, वह बाउंस हो गया था। 2018 में कंपनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद मामला साकेत कोर्ट में पहुंचा। वारंट होने पर भी आरोपी कोर्ट में हाजिर नहीं हुआ। करन ने बताया कि कोर्ट से आरोपी को भगोड़ा घोषित किया गया है। कोर्ट के ही आदेश पर 12 नवंबर की दोपहर को दिल्ली पुलिस व फाइनेंस कंपनी के लोग गांव चंद्रगढ़ी पहुंचे थे।
यहां इस्लाम को पकड़ लिया था, लेकिन उसके साथी व आसपास के लोगों ने टीम को घेर लिया और मारपीट की। इस दौरान कंपनी के अधिकारियों व पुलिस के साथ मारपीट की गई। इसमें सभी के चोट आई। कंट्रोल रूम की सूचना पर चंदपा कोतवाली पुलिस भी पहुंच गई। तब तक इस्लाम व उसके घर वाले गांव से भाग गए। पुलिस ने मौके से आसिफ मलिक, पंकज शर्मा व मोनू चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। मारपीट में दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल देवेंद्र कुमार, करन सिंह, कंपनी के स्टेट हेड गौरव शर्मा व ट्रेजरी हेड जितेंद्र के चोट आईं। पुलिस ने इनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया है। करन की तहरीर पर पकड़े गए तीनों युवकों के अलावा इस्लाम, शाहिद, सद्दाम व आस मोहम्मद के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, सरकारी कर्मचारी से मारपीट करने व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस्लाम व अन्य लोग फरार हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button