अस्पताल केयर टेकर ने मासूम से किया दुष्कर्म, चाकलेट देकर तीन साल की बच्ची को बनाया हवस का शिकार

कौशांबी/उत्तर प्रदेश। मुख्यालय में समाज को झकझोर देने वाली घटना हुई है। एक अस्पताल के 60 साल के केयर टेकर ने तीन साल की मासूम से हैवानियत की। मां ने देखा तो उसके होश उड़ गए। शोर मचाने पर वृद्ध किराए के मकान में ताला बंद कर भाग निकला। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मंझनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला अपने तीन साल की बेटी के साथ शहर में किराए का कमरा लेकर रहती है।
महिला का पति दूसरे प्रदेश में रहकर नौकरी करता है। महिला के बगल में ही बसुहार निवासी उमाशंकर मिश्र किराए कमरा लेकर रहता है। शुक्रवार को तीन साल की बेटी कमरे के बाहर खेल रही थी। उमाशंकर मिश्र ने मासूम को चाकलेट दी और उसको अपने कमरे में ले गया। महिला को सामान खरीदने के लिए जाना था। जब वह तैयार होकर निकली तो बेटी को खोजते हुए उमाशंकर के कमरे में पहुंची तो नजारा देखकर दंग रह गई।
हैवान बना वृद्ध मासूम के साथ दरिंदगी कर रहा था। महिला ने तेज आवाज में शोर मचाया तो वृद्ध मासूम को कमरे के बाहर फेंक कर ताला बंद कर भाग निकला। मामले की नामजद तहरीर मंझनपुर कोतवाली पुलिस को दी गई। प्रकरण को उच्चाधिकारियों के भी संज्ञान में लाया गया। एसपी राजेश कुमार के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी उमाशंकर मिश्र के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। रविवार की रात पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रायबरेली भागने की कोशिश कर रहा था।
वृद्ध की दरिंदगी से मासूम की जान पर आफत बनी है। बालिका को इंफेक्शन हो गया है। उसका इलाज चल रहा है। बालिका की हालत को लेकर परिजन चिंतित हैं। घटना की जानकारी होने के बाद से पुलिस अफसर भी संजीदा हैं। वह बालिका के परिजनों के लगातार संपर्क में हैं।
मासूम के साथ हुई घटना ने शहर के लोगों को चौंका दिया है। तीन साल की मासूम के साथ जिस तरह की हैवानियत वृद्ध ने दिखाई है, उससे परिजनों के साथ ही आसपास रहने वाले लोगों में भी जबर्दस्त आक्रोश है। इस घटना ने लोगों को चिंता में डाल दिया है। अब लोग अपने बच्चों को लेकर सतर्क हो गए हैं। घटना के दौरान पीड़िता की मां चीख कर अफसरों से साफ कह रही थी कि तो अब ऐसे दरिंदों के डर से बच्चों को घर से बाहर निकलने पर भी रोक लगा दें।




