दिल्ली में लाल किले के पास कार में जोरदार धमाका, कई वाहनों में आग, 8 की मौत, कई घायल, इलाके में दहशत

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास सोमवार शाम एक कार में हुए भीषण धमाके से राजधानी में हड़कंप मच गया। विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास खड़ी कई गाड़ियां आग की चपेट में आ गईं और दुकानों व प्रतिष्ठानों के शीशे टूट गए। घटना में आठ लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
धमाके के बाद इलाके में भगदड़ मच गई। लाल मंदिर परिसर में भी कार का एक हिस्सा आकर गिरा, जिससे मंदिर के शीशे और दीवारों को नुकसान पहुंचा। चांदनी चौक और भागीरथ पैलेस इलाके तक कंपन महसूस किया गया, जिसके चलते दुकानदार और राहगीर दहशत में आ गए।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने सात फायर टेंडर और छह एंबुलेंस मौके पर भेजीं। आग बुझाने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम देर रात तक जारी रहा। शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब 30 से अधिक वाहन जलकर खाक हो गए। पुलिस और बम निरोधक दस्ता क्षेत्र को घेरकर जांच में जुट गए हैं। फॉरेंसिक विशेषज्ञ टीम भी मौके से साक्ष्य जुटा रही है। अभी तक धमाके के कारणों और इसके पीछे किसी आतंकी या आपराधिक साजिश की पुष्टि नहीं हो पाई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना जोरदार था कि सड़क पर खड़े लोगों और वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि वह जाम के दौरान अपनी कार में बैठे थे, तभी अचानक तेज धमाका हुआ और एक व्यक्ति उनकी कार पर गिर पड़ा, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद दिल्ली में सुरक्षा अलर्ट जारी कर दिया गया है। लाल किला, चांदनी चौक, पहाड़गंज और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है।




