गोभी के खेत में साढ़े तीन फीट लंबा मगरमच्छ का बच्चा मिलने से मचा हड़कंप
युवाओं ने 2 घंटे तक पूंछ पकड़कर घुमाया, रील्स बनाकर की वायरल

अलीगढ़/उत्तर प्रदेश। अलीगढ़ जिले के थाना हरदुआगंज क्षेत्र के जलाली कस्बे में एक गोभी के खेत में साढ़े तीन फीट लंबा मगरमच्छ का बच्चा मिलने से हड़कंप मच गया। खेत में काम कर रही महिलाओं ने इसे देखते ही चीखें मारते हुए भागना शुरू कर दिया। ग्रामीणों और युवाओं ने मौके पर पहुंचकर मगरमच्छ को पकड़ा और उसके साथ रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बाद में वन विभाग की टीम ने इसे रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।
जलाली कस्बा निवासी ज्ञान सिंह कुशवाहा का गोभी का खेत नहर के किनारे स्थित है। सोमवार को महिलाएं खेत में गोभी तोड़ रही थीं, तभी झाड़ियों में छिपा साढ़े तीन फीट का मगरमच्छ का बच्चा नजर आ गया। महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण और युवा दौड़े चले आए। युवाओं ने हिम्मत दिखाते हुए मगरमच्छ को पकड़ लिया और इसे ‘खिलौना’ समझकर घंटों खेलते रहे।
गांव के युवाओं ने मगरमच्छ के बच्चे को कस्बे में ले जाकर करीब दो घंटे तक उसके साथ रील्स बनाईं। पूंछ पकड़कर घुमाया और वीडियो रिकॉर्ड किए। ये वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से वायरल हो गए। खेत मालिक ज्ञान सिंह के परिवार ने इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दे दी।
सूचना मिलते ही क्षेत्रीय वन अधिकारी गौरव सिंह के निर्देश पर वन विभाग के कर्मचारी मोहम्मद इशाक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मगरमच्छ के बच्चे को सुरक्षित रेस्क्यू किया। मोहम्मद इशाक ने बताया, यह बच्चा डेढ़ से दो वर्ष का है। नहर से भटककर खेत में आ गया होगा। इसे आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया है।




