लोनावला में 23 साल की महिला को अगवाकर रात भर चलती कार में किया बलात्कार, तड़के सड़क पर फेंका

In Lonavala, a 23-year-old woman was kidnapped and raped in a moving car overnight and thrown on the road in the early morning

पुणे/महाराष्ट्र। पुणे जिले के लोनावला में सनसनीखेज घटना सामने आई है। 23 साल की एक महिला का अपहरण किया गया। फिर चलती कार में उसके साथ बलात्कार किया गया। इसके बाद उसे सड़क के किनारे फेंक दिया गया। यह घटना शुक्रवार और शनिवार की रात को हुई। पुलिस ने इस मामले में 35 साल के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे कई जगहों पर घुमाया और बार-बार उसके साथ बलात्कार किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को मुंबई से करीब 80 किलोमीटर दूर स्थित लोनावला के मावल इलाके के तुंगरली में हुई जो एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना के सिलसिले में तुंगरली निवासी 35 वर्षीय एक व्यक्ति को पकड़ा है। महिला की शिकायत के अनुसार, वह उसी इलाके में रहती है और शुक्रवार रात को घर जा रही थी।
अधिकारी ने बताया कि एक कार उसके पास रुकी और एक आदमी ने उसे जबरन अंदर खींच लिया। इसके बाद आरोपी उसे एक सुनसान जगह पर ले गया जहां चलती कार में उससे कथित तौर पर बलात्कार किया गया। उन्होंने बताया कि पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे तुंगरली में अलग-अलग स्थानों पर ले जाया गया और बार-बार यौन हमला करने के बाद उसे शनिवार तड़के सड़क किनारे फेंक दिया गया।
उन्होंने बताया कि इसके बाद महिला ने लोनावला सिटी पुलिस थाने में जाकर उस व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एम) (बलात्कार) और 138 (अपहरण) के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपी को पकड़ लिया गया। उन्होंने कहा कि पीड़िता के दावों की पुष्टि की जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि महिला ने शुरू में दावा किया था कि तीन अज्ञात लोगों ने उसे जबरन कार में ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया, लेकिन जांच के दौरान पता चला कि कार में केवल एक ही व्यक्ति था। उन्होंने बताया कि जांच से यह भी पता चला है कि आरोपी महिला को जानता था। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button