मुंबईकरों के लिए गुड न्यूज, मेट्रो, लोकल ट्रेन, बसों के लिए जल्द ही लॉन्च होगा स्मार्ट कार्ड
Good news for Mumbaikars, smart cards for metro, local trains, buses will be launched soon

मुंबई/एजेंसी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शुक्रवार को एक बड़ी घोषणा की। यह घोषणा मुंबई और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए है। अब मुंबई में पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए एक ही स्मार्ट कार्ड ‘मुंबई 1’ शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री फडणवीस ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस कार्ड से मेट्रो, मोनो रेल, लोकल ट्रेन और बसों में आसानी से यात्रा की जा सकेगी। फडणवीस ने कहा कि कार्ड का डिजाइन एक महीने में तय हो जाएगा।
रेल मंत्री वैष्णव ने बताया कि महाराष्ट्र में 1.73 लाख करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर का काम चल रहा है। इसके अलावा इस साल 23,778 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। मुंबई की लोकल ट्रेनों के लिए 238 नई एयर कंडीशन वाली ट्रेनें भी मंजूर की गई हैं। इनका निर्माण जल्द ही शुरू होगा। वैष्णव ने मुंबई में हो रहे निवेश के बारे में बताते हुए कहा कि अकेले मुंबई में 17,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं चल रही हैं। इससे शहर का रेलवे सिस्टम बहुत आधुनिक हो जाएगा।
फडणवीस ने यह भी बताया कि पूर्वी महाराष्ट्र में गोंदिया-बल्हारशाह रेलवे लाइन को मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना से विदर्भ, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होगी। केंद्र सरकार इसमें 4,019 करोड़ रुपये का योगदान देगी। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री ने छत्रपति शिवाजी महाराज सर्किट ट्रेन शुरू करने की भी घोषणा की। यह ट्रेन यात्रियों को मराठा राजा से जुड़े ऐतिहासिक स्थानों और किलों की यात्रा कराएगी।
रेल मंत्री वैष्णव ने कहा कि महाराष्ट्र में रेलवे के विकास के लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि मुंबई की लोकल ट्रेनों को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। नई ट्रेनों के आने से यात्रियों को काफी सुविधा होगी। फडणवीस ने कहा कि ‘मुंबई 1’ कार्ड से लोगों को अलग-अलग टिकट खरीदने की झंझट से मुक्ति मिलेगी।
सभी तरह के पब्लिक ट्रांसपोर्ट में काम आएगा ये कार्डफडणवीस ने बताया कि वे एक ही कार्ड से सभी तरह के पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे समय की बचत होगी और यात्रा भी आसान हो जाएगी। इस प्रकार मुंबई और महाराष्ट्र के लोगों के लिए आने वाले दिन काफी सुविधाजनक होने वाले हैं। सरकार लगातार विकास कार्यों में जुटी हुई है ताकि लोगों का जीवन और भी बेहतर हो सके।




