लॉरेंस के गैंगस्टर की अनोखी प्रेम कहानी! 2 बच्चों की मां से शादी

जिसने जेल भेजा, उसी के साथ कर ली शादी

जयपुर/एजेंसी। कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की गैंग के लिए डिब्बा कॉलर बनने वाले कुचामन सिटी के आदित्य जैन की प्रेम कहानी बड़ी रोचक है। जिस महिला ने आदित्य के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म का केस दर्ज कराया जिसकी वजह से उसे जेल जाना पड़ा। बाद में उसी महिला ने आदित्य से शादी रचा ली थी। बात यहीं पर खत्म नहीं होती। शादी के बाद आदित्य अपनी पत्नी को लेकर दुबई चला गया लेकिन डिब्बा कॉलर बनने पर पुलिस उसे गिरफ्तार कर जयपुर ले आई। उधर आदित्य की पत्नी अब दुबई में ही फंस गई है।
गैंगस्टर के लिए डिब्बा कॉलर बना आदित्य जैन कुचामन सिटी का रहने वाला है। जवानी में कदम रखते ही उसे एक विवाहित महिला से प्यार हो गया। जिस महिला से वह प्यार करता था वह दो बच्चों की मां थी और उस महिला का पति विदेश (मस्कट) में रहता था। आदित्य और उस महिला के बीच प्रेम प्रसंग का परिवार वालों को पता चला तो विवाद और कहासुनी होने लगी लेकिन आदित्य और उस महिला के बीच रिश्ता कायम रहा। आदित्य के घर वालों ने उसे खूब समझाया कि वह उस महिला का पीछा छोड़ दे लेकिन आदित्य नहीं माना।
जिस महिला से आदित्य जैन प्रेम करता था, उसके पति को भी इस प्रेम प्रसंग की जानकारी थी। समझाइस के बात नहीं बनी तो वह व्यक्ति अपनी पत्नी और दोनों बच्चों को लेकर विदेश (मस्कट) चला गया था। प्रेम में पागल हुआ आदित्य भी मस्कट जाने की तैयारी करने लगा। एक बार वह दुबई पहुंच गया। वहां से मस्कट जाने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हुआ। फिर उसे वापस लौटना पड़ा। महिला के पति को जब यह बात पता चली को वर्ष 2017 में वह विदेश से लौटा। पत्नी की ओर से कुचामन सिटी थाने में आदित्य जैन के खिलाफ अपहरण और रेप का मुकदमा दर्ज कराया।
कुचामन पुलिस ने अपहरण और रेप के मामले में आदित्य जैन को गिरफ्तार कर लिया। उसे जेल भेज दिया गया था। इस मामले के कुछ समय बाद मुकदमा दर्ज कराने वाली महिला और उसके पति के बीच अनबन हो गई। दोनों में तलाक हो गया और महिला के दोनों बच्चों की कस्टडी पिता को मिल गई। ऐसे में वह महिला अकेली हो गई और अपने पीहर में रहने लगी। उधर आदित्य जैन जब जेल से छुटा तो वह फिर से उस महिला से मिला। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग जारी था। ऐसे में दोनों ने आपस में शादी कर ली।
जिस महिला की वजह से वह जेल गया और बाद में उसी से शादी रचा ली को आदित्य के घर वाले उससे नाराज हो गए। उसे घर से बेदखल कर दिया। इस दरमियान आदित्य आर्म्स एक्ट, जेल में मोबाइल पहुंचाने सहित अन्य मामलों में भी जेल चला गया था। चूंकि आदित्य का संपर्क गैंगस्टर रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण से हो गया था। ऐसे में उसने भारत में बार बार दर्ज होने वाले मुकदमों से बचने के लिए विदेश जाने का प्लान बनाया। अप्रैल 2024 में वह अपनी पत्नी के साथ दुबई चला गया। डिब्बा कॉलर बनने पर राजस्थान पुलिस आदित्य को पकड़ कर जयपुर ले आई। उसे परबतसर कोर्ट में पेश करके जेल भी भेज दिया।
राजस्थान पुलिस की सूचना पर दुबई के पुलिस अधिकारियों ने 25 फरवरी को ही आदित्य जैन को हिरासत में ले लिया था। चूंकि वह राजस्थान पुलिस का वांटेड था और राजस्थान पुलिस ने ही सूचना देकर उसे दुबई में पकड़वाया। ऐसे में दुबई के पुलिस अधिकारियों ने राजस्थान पुलिस को बुलाया और आदित्य को सौंप दिया। 4 अप्रैल को सुबह 8 बजे पुलिस आदित्य को लेकर जयपुर आ गई थी लेकिन उसकी पत्नी दुबई में ही फंसी हुई है। अब वह वहां अकेली है। आदित्य ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि उसकी पत्नी को ही भारत ले चलो लेकिन पुलिस ने साफ इंकार कर दिया। पुलिस का कहना है कि आदित्य के खिलाफ केस दर्ज है और वह वांछित है, इसलिए उसे गिरफ्तार करके लाया गया। उसकी पत्नी के खिलाफ कोई केस नहीं है तो पुलिस उसे नहीं ला सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button