पंजाब पुलिस का बड़ा एक्शन, शिवसेना नेता की हत्या में 3 गिरफ्तार

Big action by Punjab police, 3 arrested in murder of Shiv Sena leader

चंडीगढ़/एजेंसी। पंजाब पुलिस ने मोगा जिले में शिवसेना नेता की हत्या के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि इन आरोपियों को मुक्तसर जिले के मलोट में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। उधर, पंजाब पुलिस ने शनिवार को प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) से जुड़े एक ‘नार्को-टेरर मॉड्यूल’ का भंडाफोड़ करने का दावा किया। पुलिस का दावा है कि नेपाल भागने की कोशिश कर रहे इसके तीन प्रमुख गुर्गों को बिहार से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मोगा जिले में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के जिला अध्यक्ष मंगत राय उर्फ मंगा (52) की बृहस्पतिवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी तथा इस हमले में 12 वर्षीय एक बच्चा भी गोली लगने से घायल हो गया था। आरोपियों की पहचान मोगा निवासी अरुण उर्फ संघा, अरुण उर्फ दीपू और राजवीर के रूप में हुई। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में मंगत राय की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। पुलिस ने बताया कि मोगा और मुक्तसर पुलिस की टीमों ने आरोपियों को मलोट बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की टीम को देखकर आरोपियों ने उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी गोलीबारी में अरुण उर्फ संघा और अरुण उर्फ दीपू के पैर में गोली लग गई।
पुलिस ने बताया कि उनके पास से दो पिस्तौल बरामद की गई हैं। एक अधिकारी ने बताया कि मंगत राय गुरुवार रात किराने का सामान खरीदने के लिए अपने घर से बाहर निकले थे, तभी रात करीब 10 बजे तीन अज्ञात लोगों ने उन पर हमला कर दिया। पहली गोली शिवसेना नेता को नहीं लगी, लेकिन 12 वर्षीय बच्चे को लग गई। उन्होंने कहा कि इसके बाद शिवसेना नेता अपने दोपहिया वाहन से भागने लगे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया और दोबारा गोली चलाई, इस बार गोली राय को लग गई। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मंगत राय को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस का मानना है कि यह घटना व्यक्तिगत रंजिश का नतीजा हो सकती है। हालांकि, राय के परिवार का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button