गाजियाबाद से भाजपा ने संजीव शर्मा को दिया टिकट, 17 साल के काम का इनाम

BJP gave ticket to Sanjeev Sharma from Ghaziabad, reward for 17 years of work

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश की गाजियाबाद सदर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी ने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। यहां से संजीव शर्मा को पार्टी ने उम्मीदवार घोषित कर पुराने कार्यकर्ताओं को तरजीह दिए जाने का संदेश दिया है। संजीव शर्मा के जरिए भाजपा ने ब्राह्मण चेहरे पर दांव लगाया है। कांग्रेस के कदम पीछे खींचने के बाद सपा की ओर से यहां उम्मीदवार के नाम का ऐलान होगा। उन्हें वर्ष 2007 से भाजपा के लिए रणनीति तैयार करने वाले संजीव शर्मा से टक्कर लेनी पड़ेगी।गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा की ओर से घोषित प्रत्याशी संजीव शर्मा ने वर्ष 2007 में भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की थी। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में वे पार्टी में शामिल हुए थे। संजीव शर्मा ने गाजियाबाद महानगर में संगठन को मजबूत करने बड़ी भूमिका निभाई। करीब 17 सालों तक वे पार्टी की रणनीति बनाने वालों में रहे। जमीन पर रहकर काम किया। अब पार्टी ने इसका इनाम देते हुए उनको बतौर प्रत्याशी चुनावी मैदान में उतारा है।
संजीव शर्मा ने भाजपा में आने के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष पद पर तीन सालों तक काम किया। इस दौरान युवाओं को पार्टी से जोड़ा। युवाओं को साथ लाने से क्षेत्र में पार्टी की स्थिति मजबूत हुई। उनके कार्यों के आधार पार्टी ने उन्हें सूचना एवं रोजगार प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक बनाया। वर्ष 2013 में वे भारतीय जनता पार्टी के महानगर महामंत्री बनाए गए। इस दौरान प्रचार प्रसार विभाग के क्षेत्रीय संयोजक का कार्यभार भी संभाला।
संजीव शर्मा को वर्ष 2019 में भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। उनके महानगर अध्यक्ष बनने के बाद यूपी चुनाव 2022 में गाजियाबाद महानगर के तहत गाजियाबाद शहर, साहिबाबाद और मुरादनगर विधानसभा सीट पर रणनीति बनाई। इन तीनों विधानसभा सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने 2017 से अधिक वोटों से जीत दर्ज की। इसके बाद ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में भी उनका असर दिखा। भाजपा के दोनों ब्लॉक प्रमुख उम्मीदवार को जीत मिली।
संजीव शर्मा के नेतृत्व में जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर भी भाजपा का कब्जा रहा। वहीं, नगर निगम के चुनाव में भाजपा ने महापौर के साथ-साथ 67 पार्षदों के साथ रिकॉर्ड जीत हासिल की। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में गाजियाबाद से सांसद प्रत्याशी अतुल गर्ग को जीत मिली। गाजियाबाद में हुए चुनावों में भाजपा की लगातार जीत के पीछे संजीव शर्मा की दमदार सांगठनिक रणनीति का असर दिखा। गाजियाबाद शहर सीट पर संजीव शर्मा को सपा-बसपा उम्मीदवारों की मुख्य रूप से चुनौती मिलेगी। बसपा ने यहां से भाजपा से आए परमानंद गर्ग को चुनावी मैदान में उतारा है। बसपा गाजियाबाद शहर सीट पर जीत दर्ज कर चुकी है। ऐसे में पार्टी एक बार फिर दमदार प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है। वहीं, सपा के उम्मीदवार की प्रतीक्षा की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button