पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर से 18 कैदी भागे, एक कैदी की गोली लगने से मौत

इस्लामाबाद/एजेंसी। पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) स्थित एक जेल से कम से कम 18 खतरनाक अपराधी एक सुरक्षाकर्मी पर हमला करने के बाद फरार हो गये। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फरार कैदियों में से छह को मौत की सजा सुनाई गयी थी। घटना शुक्रवार को रावलकोट जेल में हुई जब एक कैदी ने सुरक्षाकर्मी को पिस्तौल का भय दिखाकर जेल की चाबियां छीन लीं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि फरार होने वाले 18 कैदियों में से छह को मौत की सजा सुनाई गयी थी जबकि तीन अन्य कैदी आजीवन कारावास की सजा काट रहे थे।
अधिकारी ने बताया कि फरार होने की कोशिश कर रहे एक अन्य कैदी की गोली लगने से मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि वह (कैदी) पांच वर्ष कैद की सजा काट रहा था। पुलिस ने इलाके में व्यापक खोज अभियान शुरू किया है। इस बीच, अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी और जेल प्रमुख तथा कुछ अन्य अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि कुछ अधिकारियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
समा टीवी की खबर के अनुसार, रावलकोट जेल के उपाधीक्षक समेत सात अधिकारियों को हिरासत में लेकर सुरक्षा उल्लंघन की जांच शुरू कर दी गई है। खबर के मुताबिक, सुरक्षा चूक के मद्देनजर पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की सभी जेलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सरकार ने कैदियों के फरार होने के कारणों की जांच के लिए एक न्यायिक आयोग के गठन का अनुरोध किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button