चोरों को संरक्षण देने में कस्बा चौकी इंचार्ज समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित

नोएडा ब्यूरो। चोरों को संरक्षण देने के आरोप में डीसीपी सेंट्रल ने सूरजपुर कस्बा चौकी के प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। चौकी प्रभारी आलोक सिंह, हेड कांस्टेबल अश्वनी व सीमांत और सिपाही अरविंद के खिलाफ विभागीय जांच शुरू हो गई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आंतरिक जांच में चारों पुलिसकर्मियों की गतिविधियां संदिग्ध मिली हैं। पुलिसकर्मियों ने चोरी की वारदात में शामिल बदमाशों को गिरफ्तार नहीं किया। जबकि उनके साथ फोन पर लगातार बातचीत कर रहे थे। आला अधिकारियों के निर्देश के बाद मामले में कार्रवाई की गई है।
सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र की कंपनी में लाखों रुपये की चोरी हुई थी। चोरी के आरोप में कस्बा चौकी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जबकि चोरी में शामिल अन्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया। इसकी शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंची। आला अधिकारियों की जांच में पता चला कि पुलिसकर्मी आरोपियों से फोन पर बात करते थे। कॉल डिटेल में इसकी पुष्टि हुई है। जिसके बाद डीसीपी सेंट्रल सुनीति ने सुरजपुर कस्बा चौकी प्रभारी आलोक सिंह, हेड कांस्टेबल अश्वनी व सीमांत और सिपाही अरविंद को निलंबित कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आतंरिक जांच में पता चला है कि चारों पुलिसकर्मी पहले से ही आरोपियों को जानते थे। उन्होंने जानबूझकर आरोपियों पर कार्रवाई नहीं की थी। आरोपी पुलिसकर्मियों ने चोरों को संरक्षण दिया हुआ था। हालांकि अधिकारी इस मसले पर खुलकर बोलने से बच रहे हैं।
चारों पुलिसकर्मियों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए गिरफ्तार आरोपियों से फिर से पूछताछ की जाएगी। जांच में पता चला है कि जिस कंपनी में वारदात हुई। वहां पर लगातार चोरी हो रही है। आरोप है कि कबाड़ियों और निलंबित पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से वहां चोरी हो रही थी।



