जानकार बनकर ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा, चार गिरफ्तार

गुरुग्राम। साइबर थाना ईस्ट पुलिस ने सेक्टर 56 स्थित एक मकान में छापा मारकर एक ठग गिरोह को पकड़ा है। यह गिरोह फोन पर जानकार बनकर लोगों से ठगी करता था। पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान जगमोहन, शुभम, रामभरोसी और विकेश के रूप में की गई है। सभी मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले हैं और एक सप्ताह पहले ही गुरुग्राम आए थे।
साइबर ईस्ट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सवित कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि सेक्टर 56 के ई-ब्लाक के एक मकान के ग्राउंड फ्लोर में अवैध गतिविधि चल रही है। इसके बाद टीम ने शनिवार रात मकान में छापेमारी की। यहां से जगहमोन, शुभम, रामभरोसी और विकेश को पकड़ लिया गया। इनसे पूछताछ में गिरोह के बारे में जानकारी मिली। जगमोहन इस गिरोह का मास्टरमांइड है।
उसने पूछताछ में बताया कि वह एक सप्ताह पहले ही अपने साथियों के साथ यहां आया है। इसके एक जानने वाले ने यह घर दिलाया था। लोगों को ठगने के तरीके के बारे में बताया कि यह अपने साथियों के साथ मिलकर पहले फोन-पे पर अलग-अलग नंबर डायल कर देखता था और जिनके भी अकाउंट या वालेट फोन-पे पर दिख जाते थे तो उनके पास ये लोग काल करते थे। ठग उन्हें जानकार बताकर उनसे कहते थे कि पहचानो कौन बोल रहा हूं । अगर वह व्यक्ति किसी का भी नाम ले लेता था तो ये लोग वही व्यक्ति बनकर उनसे बात कर लेते थे। कहते थे कि उनका कोई रिश्तेदार अस्पताल में भर्ती है और उसे कुछ पैसे भेजने हैं। यह रुपये उनके मोबाइल से ट्रांसफर नहीं हो रहे हैं।
इसके बाद लोगों को फर्जी मैसेज भेजकर उनसे रुपये ट्रांसफर करा लेते थे। वहीं अगर कोई व्यक्ति पहचानने से मना कर देता था तो उन्हें गलती से रुपये ट्रांसफर होने का झांसा देते थे। बिना फोन काटे अपने मोबाइल से उस व्यक्ति को एक टाइप किया हुआ बैंक की तरफ से जाने वाला हुबहू टेक्स्ट मैसेज भेज देते थे। लोग झांसे में आकर इन्हें रुपये भेज देते थे। ठगी के बाद जैसे ही फोन-पे वालेट में पैसे आते, तो वह उस पैसे को भरतपुर के डीग निवासी राहिल नाम के एक व्यक्ति के बताए हुए खाते में ट्रांसफर कर देते थे। राहिल उस पैसे को अलग-अलग एटीएम से निकाल कर या किसी अन्य से नकद निकलवाकर अपना 30 प्रतिशत हिस्सा रखकर बाकी इन्हें नकद के रूप में दे देता था। जिसे यह चारों आपस में बराबर बांट लेते थे । इनके पास से चार मोबाइल व सिम बरामद किए गए हैं। इन सभी को रिमांड पर लेकर इनके अन्य साथियों के बारे पूछताछ की जाएगी।




