हल्द्वानी हिंसा का मास्टरमाइंड अब्दुल मलिक दिल्ली से गिरफ्तार

नई दिल्ली/एजेंसी। हल्द्वानी के बनभूलपुरा में हुई हिंसा मामले में उत्तराखंड पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। इस हिंसा के मास्टरमाइंड अब्दुल मलिक को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है। बता दें कि अब्दुल मलिक 8 फरवरी को हुई हिंसा के बाद से फरार चल रहा था। दरअसल अब्दुल के वकील अजय बहुगुणा और शलभ पांडे ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। अब्दुल मलिक के वकील ने सेशन कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दाखिल की है। जिस पर 27 फरवरी को सुनवाई होगी।
अब्दुल मलिक वही शख्स है जिसने मजहब की आड़ में सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया था। जब उत्तराखंड सरकार ने इस मामले में कार्रवाई की तो पूरे शहर में हिंसा हो गई। बता दें हल्द्वानी के बनभूलपुरा इलाके के मलिक के बगीचे में सरकारी जमीन पर मस्जिद और मदरसा बना है। जब सरकारी जमीन पर बने मस्जिद और मदरसे को तोड़ने के लिए प्रशासन और नगर निगम व पुलिस की टीम पहुंची तो उनका विरोध किया गया। पहले तो महिलाओं ने पुलिस का विरोध किया और फिर चारों तरफ से पथराव भी हुए। जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल भी हो गए थे। उसके बाद रात में कई जगह पर आगजनी भी हुई थी।
पुलिस ने 6 लोगों के खिलाफ दर्ज किया था मामला
हल्द्वानी हिंसा के बाद पुलिस ने अब्दुल मलिक और उसकी पत्नी समेत 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। अब्दुल को पकड़ने के लिए पुलिस कई जगह पर दबिश भी कर रही थी लेकिन अब्दुल पुलिस से बचकर निकल जा रहा था। हालांकि उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है। बता दें कि हिंसा के बाद पुलिस ने अब्दुल मलिक की प्रॉपर्टी भी कुर्क की थी। हल्द्वानी हिंसा में 6 लोगों की जान चली गई थी। जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। हिंसा के बाद पुलिस ने पूरे इलाके के सीसीटीवी फुटेज की मदद से 42 दंगा करने वालों भी दबोच लिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button