गाजियाबाद में खाकी को चुनौती : फेमस होने के लिए पीसीआर पर रील बनाकर इंस्टाग्राम पर कर दी अपलोड

गाजियाबाद। इंदिरापुरम कोतवाली की कनावनी चौकी क्षेत्र में पुलिसकर्मी जाम खुलवाने में लगे थे। पास में उनकी पीसीआर खड़ी थी। एक युवक ने पीसीआर पर रील बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दी। वीडियो वायरल होने पर पुलिस को इसकी जानकारी हुई। उपनिरीक्षक ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया। अधिक लाइक पाने के लिए युवक ने ऐसा किया।
मोइन कुरैशी नाम इंस्टाग्राम पर एक 27 सेकेंड का वीडियो अपलोड किया गया। इसमें सूट पहने एक युवक पुलिस की पीसीआर में चालक की सीट पर बैठकर दरवाजा खोलकर उतरते दिख रहा है। जेब में हाथ डालकर मोबाइल निकालता है और देखता है। फिर बालों में हाथ मार रहा है। हाथ में साफ्ट ड्रिंक की कैन लेकर पी रहा है। एक एक्स अकाउंट से वीडियो प्रसारित हुआ।
जांच हुई तो मामला इंदिरापुरम कोतवाली क्षेत्र की कनावनी पुलिस चौकी क्षेत्र की पीसीआर नंबर 18 का निकला। उपनिरीक्षक सुरेश चंद मौर्या ने दर्ज एफआईआर में बताया कि 15 फरवरी को हेड कांस्टेबल जयनरायण सिंह के साथ कनावनी पुलिया पर भीषण जाम लगा था।
जाम खुलवाने हमराहा चालक के साथ उतरकर चले गए। इसी बीच प्रेमनगर कालोनी सौ फुटा रोड लोनी के मोइन कुरैशी ने रील बना ली। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित मोइन को पुलिस का तनिक भी खौफ नहीं था। पास में पुलिस जाम खुलवाने में लगी रही। वह रील बनाकर चला गया। इंस्टाग्राम पर अपलोड भी कर दी।लेकिन पुलिस को इसकी तनिक भी भनक नहीं लगी। इससे पुलिसकर्मियों की लापरवाही भी उजागर हो रही है।




