फतेहपुर में प्रॉपर्टी की लालच में पति की हत्या, मास्टरमाइंड पत्नी के साथ दोनों बेटे भी गिरफ्तार

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर में किसान की हत्या कोई और नहीं बल्कि संपत्ति की लालच में उसके बेटों ने ही की थी। वहीं इस घटना की मास्टरमाइंड मृतक की पत्नी ही निकली। सनसनीखेज वारदात का शुक्रवार दोपहर मृतक की पत्नी और दो बेटों सहित तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह जानकारी एसपी उदय शंकर सिंह ने दी।
एसपी ने बताया कि 14 फरवरी की सुबह ग्रामीणों से सूचना मिली कि जहानाबाद थाना क्षेत्र के रोशनपुर गांव निवासी हरिश्चंद्र का उनके ट्यूबवेल के पास खेतों में रक्त रंजित शव पड़ा हुआ है। इस पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव से कुछ दूर एक कुल्हाड़ी भी बरामद किया था। मामले में मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया था। मामले के खुलासे के लिए दो टीमों का गठन किया गया था। इसके बाद घटना के हर पहलू पर पुलिस और इंटेलिजेंस विंग की टीम जांच शुरू कर दी थी।
48 घंटे के भीतर घटना का खुलासा
एसपी ने बताया कि मृतक के दोनों बेटे राजकुमार और शिवकुमार के साथ पति की हत्या की साजिश रचने वाली मृतक की पत्नी निर्मला देवी को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि पिता और मां के बीच आए दिन विवाद होते रहता था। इसके चलते करीब 12 साल से दोनों बेटों को साथ लेकर चांदपुर थाना क्षेत्र के गहरूखेड़ा गांव में अलग रहने लगी थी। दोनों बेटे गुजरात के सूरत रहने चले गए। वहां साड़ी बुनाई और डिजाइनिंग का काम करते है।
एसपी ने बताया कि करीब 6 महीने पहले मृतक ने गांव में अपना एक मकान एक लाख 40 हजार रुपए में बेचा था। इस पर पत्नी ने गुजरात में रह रहे दोनों बेटों के पास फोन कर कहा कि तुम्हारे पिता सारी प्रॉपर्टी बेच रहे हैं। इस पर दोनों बेटे 12 फरवरी को मां के पास गांव पहुंचे। इसके बाद मां ने बेटों के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
एसपी ने बताया कि दूसरे दिन 13 फरवरी की रात मृतक हरिश्चंद्र घर से खाना खाने के बाद गांव के बाहर स्थित ट्यूबवेल के पास सोने के लिए चले गए। इस दौरान दोनों भाई रोशनपुर गांव पहुंचे और पिता का पीछा करते हुए मौका देखकर धारदार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद शव को खेतों में छोड़कर भाग गए।
हत्या में प्रयुक्त चाकू भी हुए बरामद
एसपी ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे महिला और उसके दोनों बेटों को जहानाबाद बस स्टॉप के पास से गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून से सने दो चाकू, मृतक का मोबाइल और आधार कार्ड के अलावा खून लगे दो शर्ट भी पुलिस ने बरामद किया है। आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button