तिरंगा यात्रा निकाल रहे लोगों पर पलटा गन्ना लदा ट्रक, दबने से युवक की दर्दनाक मौत, दो अस्पताल में भर्ती

हापुड़/उत्तर प्रदेश। हापुड़ में हाईवे पर गन्ने से लदा ओवरलोड ट्रक, बाइक और गाड़ियों से तिरंगा यात्रा निकाल रहे गांव युवा और बच्चों पर पलट गया। इसमें करीब 6 युवा और बच्चे दब गए। हादसे में एक की मौके पर मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। कुछ युवाओं को मेरठ रेफर किया गया है। वहीं कुछ बच्चों और युवाओं का इलाज स्थनीय सीएचसी पर चल रहा है।
थाना सिंभावली के गांव सिखेड़ा निवासी मनोज ने बताया कि कुछ युवा और बच्चे इक्कठा होकर हाईवे के किनारे बाइक, कार, ट्रैक्टर-ट्राली से तिरंगा यात्रा निकाल गणतंत्र दिवस मना रहे थे। तभी गन्ने से ओवर लोड ट्रक अचानक एक तरफ झुका और तिरंगा यात्रा निकाल रहे युवाओं और बच्चों पर पलट गया। कुछ युवा तो बच गए लेकिन दो बाइक चपेट में आ गईं। बाइक चला रहे एक युवक शाकिब (18) की मौके पर मौत हो गई। आमिर और सोनू की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सिखेड़ा के रहने वाले मनोज ने बताया कि हादसे के बाद प्रशासन को सूचना दे दी थी। हालांकि आधा घंटे बाद जेसीबी पहुंची। इससे पहले ही गांव के लोगों ने शोर मचाते हुए राहत कार्य शुरू कर दोनों बाइक सवार युवकों और बच्चों को निकला। तब तक शाकिब की मौत हो चुकी थी। हादसे के काफी देर बाद आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे की सूचना मिलने पर हापुड़ एसपी अभिषेक वर्मा भी मौके पर पहुंचे थे।
एसपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि गन्ने से लदा ट्रक ओवरलोड था और डिवाइडर पर चढ़कर पलट गया। इसके चलते बाइक सवार तीन युवक साकिब, आमिर और सोनू दब गए। इसमें एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि घायल दो युवकों को अस्पताल ले जाया गया। आमिर को गंभीर हालत में मेरठ रेफर किया गया है, जबकि सोनू को स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
एसपी ने बताया कि ट्रक को क्रेन की मदद से सड़क से हटाया गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, उसे जल्द पकड़ा जाएगा। मृतक के परिजनों से तहरीर लेकर ट्रक चालक पर मुकदमा पंजीकृत गया है। प्रशासन की तरफ से पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद मुहैया कराई जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button