गाजियाबाद के वसुंधरा में भाजपा नेता की गाड़ी की टक्कर से पलटी स्कूल वैन, नौ बच्चे घायल

गाजियाबाद। सेक्टर-4 में वार्तालोक सोसायटी के पीछे शुक्रवार की दोपहर करीब 12 बजे भाजपा युवा मोर्चा के विजयनगर मंडल के अध्यक्ष सूरज सेन की गाड़ी की टक्कर लग जाने से होली फील्ड स्कूल की वैन पलट गई। वैन में सवार नौ बच्चे घायल हो गए। उन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीन बच्चों की हालत गंभीर बताई गई है। उन्हें 24 घंटे डाॅक्टर की निगरानी में रखा गया है। अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसे के वक्त वैन में 13 बच्चे सवार थे। कुछ देर पहले ही छह बच्चे उतरे थे।
हादसे के बाद सूरज सेन की गाड़ी का चालक रोहित गाड़ी छोड़कर भाग गया। वह बहुत तेज रफ्तार से गाड़ी दौड़ा रहा था। स्कूल प्रबंधक भूपेंद्र तोमर ने उसके खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने स्कूल वैन और रोहित सेन की गाड़ी टाटा सूमो को कब्जे में ले लिया है। स्कूल वैन के चालक मोनू ने बताया कि वार्तालोक सोसायटी की सर्विस लेन के कोने पर टाटा सूमो हूटर बजाती पीछे से आई। उसका चालक आगे निकलने की कोशिश कर रहा था। गाड़ी की रफ्तार बहुत तेज थी। उसकी साइड लगने से वैन पलट गई। वहां बिजली के तार थे। गनीमत रही कि तार टूटे नहीं, वरना करंट फैलने से बड़ा हादसा हो सकता था।
वैन में दबे बच्चे रोने-चीखने लगे। चीख सुनकर पास के घरों से लोग दौड़ पड़े। लोगों ने तुरंत घायल नौ बच्चों आयुष (8), प्रत्युष (6), अक्कू (7), आशी (6), भव्य (5), रिषभ (5), नित्या (5) और अभय (5) को पास के ली क्रिस्ट अस्पताल में भर्ती कराया। अभय के माथे, होंठ और ठोड़ी पर जबकि अक्कू के माथे पर और आयुष के सिर पर चोट लगने से पांच टांके आए हैं। इन तीनों को डॉक्टर रितुल और उनकी टीम ने 24 घंटे निगरानी के लिए अस्पताल में रखा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button