फतेहपुर में नाबालिग प्रेमिका के साथ फरार हुआ युवक

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले में बीते दिनों एक युवक नाबालिग प्रेमिका को बोलेरो से लेकर फरार हो गया। लड़की के घर से अचानक लापता होने से परिजनों में हड़कंप मच गया। पीड़ित पिता ने गुरुवार शाम स्थानीय थाने में तहरीर दी है। जिस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर लड़की की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, खखरेरु थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने बताया कि करीब 8 महीने पहले उसके घर में गोद भराई का कार्यक्रम था। समारोह के निमंत्रण में ग्रामीण समेत आसपास के गांव के रिश्तेदार भी आए थे। कार्यक्रम में किशनपुर थाना क्षेत्र के गढ़ा गांव के रहने वाले रिश्तेदार राजेंद्र मिश्रा का बेटा सुनील कुमार भी आया था।
बात करने के लिए लड़की को दिया था मोबाइल
इस दौरान सुनील ने उसकी 17 वर्षीय बेटी को चोरी छिपे एक मोबाइल देकर नंबर ले लिया। जब पिता ने बेटी के पास मोबाइल देखा तो इसकी जानकारी की। पता चलने पर डांट फटकार लगाई और मोबाइल तोड़कर फेंक दिया। इसके बाद सुनील प्रेमिका से बात करने के लिए पिता के नंबर पर फोन कर परेशान करने लगा। आरोप है कि विरोध करने पर सुनील ने लड़की को भगा ले जाने की धमकी दी थी।
6 दिसंबर की रात घर के सभी लोग खाने के बाद सो गए थे। तड़के करीब 5 बजे जब सो कर उठे तो लड़की घर में नहीं दिखी। परिजनों के होश फख्ता हो गए। इसके बाद खोजबीन शुरू की। इस दौरान पता चला कि देर रात गांव स्थित एक स्कूल के पास बोलेरो आई थी। इस पर परिजन सुनील के घर पहुंच कर जानकारी ली। पता चला कि वह भी घर से गायब है। तब जाकर परिजनों को घटना की जानकारी हुई।
अपहरण का मुकदमा दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार राव ने बताया कि लड़की के पिता के शिकायत पर अपहरण सहित अन्य सुसंगत धाराओं में आरोपी पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी युवक की तलाश में दबिश दी जा रही है। लड़की की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।




