फतेहपुर में शिक्षक की पिटाई से छात्र का हाथ टूटा, बीएसए ने दिए जांच के आदेश

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। फतेहपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां शिक्षा के मंदिर में एक निर्दयी टीचर ने मासूम बच्चे की पिटाई कर दी। मारपीट में बच्चे का हाथ फ्रैक्चर हो गया। मां ने स्थानीय थाने में मामले की तहरीर देकर आरोपी शिक्षक पर कार्रवाई की मांग की है। जहानाबाद थाना क्षेत्र की रोटी गांव की रहने वाली एक महिला राधादेवी ने पुलिस को तहरीर दी है, जिसमें बताया कि उसका 9 वर्षीय बेटा प्रद्युम्न गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 3 का छात्र है। गुरुवार सुबह बच्चा स्कूल पढ़ने गया था। वहां प्रद्युम्न और एक बच्चे में आपस में विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरुण कुमार वर्मा ने प्रद्युम्न को डंडे से मारा-पीटा। मारपीट के दौरान बच्चे का हाथ टूट गया। इस पर रोते हुए बच्चा घर पहुंचा और परिजनों से घटना की जानकारी दी।
इस पर परिजन बच्चे को लेकर परिजन थाने पहुंचे और प्रधानाध्यापक के खिलाफ तहरीर दी। इसके बाद बच्चे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने एक्सरे की सलाह दी। एक्स-रे रिपोर्ट में बच्चे का हाथ फ्रैक्चर बताया गया है।
बीएसए पंकज कुमार यादव ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। बीईओ को भेज कर मामले की जांच कराई जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो निश्चित तौर पर आरोपी शिक्षक पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उधर, मामले में थाना प्रभारी के सीयूजी नंबर पर संपर्क किया गया तो स्विच ऑफ बताता रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button