दुमका जिले में गहरे गड्ढे में गिरा ट्रैक्टर, मलबे में दबे तीन मजदूरों की मौत की आशंका

दुमका,(झारखंड)। दुमका जिले में भारी बारिश के बीच गुरूवार को एक ट्रैक्टर गहरे गड्ढे में गिर गया, जिससे ट्रैक्टर पर सवार तीन मजदूरों की मृत्यु हो जाने की आशंका है। घटना दुमका जिले के जामा थाना क्षेत्र के बलमडीह गांव की है। जिले के विभिन्न इलाकों में गुरुवार को दोपहर से बारिश हो रही है। ट्रैक्टर समान खाली कर लौट रहा था। इस बीच बलमडीह गांव के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में गिर गया।
ट्रैक्टर पर कुछ मजदूर भी सवार थे। इस हादसे में ट्रैक्टर पर सवार तीन मजदूर मलबे के नीचे दब गए हैं। तीनों के शरीर का कुछ हिस्सा ट्रैक्टर से बाहर नजर आ रहा है। ग्रामीण तीनों मजदूरों के मौत होने की आशंका जता रहे हैं। इलाके में तेज बारिश की वजह से ट्रैक्टर को गड्ढे से निकाल पाना संभव नहीं हो पा रहा है।
पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है। जामा के थाना प्रभारी उत्तम पासवान के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मलबे में फंसे तीनों मजदूरों को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। मलबे में दबे तीनों मजदूरों की पहचान नयाडीह और भुरकुंडी के रहने वाले मैनेजर बास्की, विनोद बास्की, और संजय बास्की के रूप में हुई है। आशंका जताई जा रही है कि तीनों की मौत हो चुकी है। हालांकि, मजदूरों को बाहर नहीं निकाला जा सका है, जिसके कारण आधिकारिक रूप से इस बारे में पुष्टि नहीं हो पाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button