गाजियाबाद में खेलते वक्त पानी से भरे पांच फीट गहरे गड्ढे में गिरी बच्ची की हुई मौत

गाजियाबाद। सिद्धार्थ विहार में गंगाजल प्लांट के पीछे पानी से भरे पांच फीट गहरे गड्ढे में गिरने से दो साल की बच्ची की मौत हो गई। यह गड्ढा खेत में मिट्टी निकाले जाने के कारण हुआ था, जिसे बाद में भरा नहीं गया। वर्षा होने पर गड्ढे में पानी भर गया था।
परिवार वालों ने बिना पोस्टमॉर्टम कराए शव को दफना दिया है। आसपास के लोगों ने बताया कि खेत में पांच साल से भी अधिक समय से गड्ढा है, जिसमें हर साल वर्षा होने पर पानी भर जाता है, जिसकी निकासी के लिए इंतजाम नही है।
पांच साल पहले हुआ था खनन
बदायूं के इस्लामनगर में रहने वाले सतपाल परिवार के साथ सिद्धार्थ विहार स्थित खेत में झुग्गी डालकर रहते थे, वह यहां किराए पर खेत लेकर खेती करते हैं। इसी खेत में झुग्गी के पास मिट्टी निकालने के लिए पांच साल पहले खनन किया गया था, तब से यहां पर गड्ढा है।
लोगों का कहना है कि खेत से निकाली गई मिट्टी का इस्तेमाल पास ही स्थित गंगाजल प्लांट के निर्माण कार्य में किया गया था। वर्षा के बाद गड्ढे में हर साल पानी भर जाता है, इस साल भी तीन दिन पहले हुई वर्षा के बाद खेत में पानी भर गया था।
पानी में तैरने लगा शव
बुधवार दोपहर के वक्त सतपाल की बेटी रिया खेलते वक्त गड्ढे में गिर गई। जब वह पानी में गिरी तब किसी को जानकारी नही हुई, कुछ देर बाद उसका शव पानी के ऊपर तैरने लगा तो पास ही खेल रही मासूम आरोही की नजर उस पर पड़ी और वह उसे देखकर रोने लगी। उसकी रोने की आवाज सुनकर दूसरी झुग्गी में रह रहीं धनमेशरी, चाचा दिनेश वहां पर पहुंचे और रिया को पानी से बाहर निकाला।
धनमेशरी की सूचना पर खेत में भिंडी तोड़ रहे रिया के माता-पिता मौके पर पहुंचे और उसे एमएमजी अस्पताल लेकर आए, जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर विजयनगर पुलिस भी मौके पर पहुंची। स्वजन ने इस मामले में तहरीर नही दी है, जिस कारण पुलिस की ओर से कार्यवाही नही की गई है।




