टूटी हुई हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत

सत्येंद्र शुक्ला,(फतेहपुर/उत्तर प्रदेश)। फतेहपुर जिले के खखरेरू नगर पंचायत क्षेत्र में टूटे हुए हाईटेशन विद्युत तार की चपेट में आने से एक मवेशी चरा रहे बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग के खिलाफ आक्रोश प्रकट किया। मामला खखरेरू नगर पंचायत क्षेत्र के गांव रक्षपालपुर का है, जानकारी के अनुसार बाबूलाल पासवान उम्र 65 वर्ष अपने घर से शाम के समय मवेशी चराने के लिए खेतों की तरफ गए थे जहां 11000 बोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार खेत में टूटा पड़ा था। जिसकी चपेट में आने से बाबूलाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घर के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। खखरेरू थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना को लेकर मृतक के परिजनों एवं स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है, स्थानीय लोगों का कहना है की विद्युत विभाग के अधिकारियों को तार टूटने की जानकारी दी गई थी इसके बाद भी तो ठीक नहीं किया गया जिससे आज तार की चपेट में आने से बुजुर्ग व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई।




