दुबई से पति ने फतेहपुर में पत्नी की कराई हत्या, 3 लाख की सुपारी लेने वाले चचेरे भाई समेत चार गिरफ्तार

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। यूपी के फतेहपुर जिले में चरित्रहीन पत्नी के हत्या की साजिश विदेश में रहने वाले पति ने रची थी। मामले के खुलासे के लिए एसपी ने एसओजी और सर्विलांस समेत पांच पुलिस टीमों का गठन किया था। पुलिस के अनुसार पति ने अपने पारिवारिक चचेरे भाइयों को तीन लाख रुपए में महिला की हत्या की सुपारी दी थी। सोमवार को घटना पर्दाफाश करते हुए एसपी उदय शंकर सिंह ने बताया कि मामले के चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वही विदेश में रह रहा पति समेत दो आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।
ललौली थाना क्षेत्र के बस्तापुर गांव स्थित एक निर्माणाधीन मकान के बाहर सेफ्टी टैंक में 20 जनवरी की सुबह एक महिला का शव पड़े होने की जानकारी ग्रामीणों से मिली थी। शव की पहचान गाजीपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले चुन्नीलाल की बेटी सोनी देवी (25) के रूप में हुई थी। मामले में मृतका के पिता ने थाना पुलिस में तहरीर देते हुए बताया था कि उसके बेटी की शादी करीब 2 साल पहले राधा नगर के बीबीपुर गांव निवासी छोटू लोधी के साथ हुई थी। छोटू लोधी वर्तमान में दुबई में मजदूरी करता है।
15 दिन पहले ससुराल से गई थी मायके
मृतका सोनी देवी घटना से करीब एक पखवारा पहले ससुराल से मायके चली गई थी। बताया जा रहा है कि 15 जनवरी की शाम 4:00 बजे मृतका की ससुराल से पुत्तन लोधी और ननकू लोधी मोटरसाइकिल से आए और गांव के बाहर शराब पी। इसके बाद घर आकर मृतका को मेला दिखाने के बहाने बाइक से लेकर चले गए।मृतका के घर वापस न लौटने पर पिता ने उक्त लोगों से जानकारी की तो अनभिज्ञता जताई। 20 जनवरी की सुबह मृतका सोनी देवी का अर्ध निर्मित सुनसान मकान के सेफ्टी टैंक में लाश पड़े होने की जानकारी मिली थी।मृतका का चेहरा और सिर ईंट से कूचा था। मामले में मृतका के पिता ने उपरोक्त दो नामजद के साथ एक अज्ञात समेत तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी। पुलिस ने मामले में हत्या के साथ अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
पीएम रिपोर्ट में सामूहिक दुष्कर्म की हुई पुष्टि
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार मामले में दुष्कर्म की धारा बढ़ाई गई। मामले में पुलिस की विवेचना के दौरान प्रकाश में आए आरोपी रोहित लोधी निवासी दलीपुर मजरे रारा, रामचंद्र उर्फ पुत्तू निवासी बीबीपुर के साथ शिवम उर्फ पंचम व सोनू लोधी निवासीगण सैदापुर थाना राधानगर को नहर पुलिया खुरमा नगर के पास से दोपहर करीब 12:00 बजे दोपहर गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो बाइकेंके भी पुलिस ने बरामद की है। जबकि मामले का एक आरोपी ननकू लोधी उर्फ सूरज लोधी निवासी बीबीपुर थाना राधा नगर फरार है।
घटना के चार आरोपी गिरफ्तार
एसपी उदय शंकर सिंह ने बताया कि घटना को अंजाम देने वालों में पांच आरोपी शामिल थे। सोमवार दोपहर मामले के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। विदेश में रहने वाले पति ने अपने पारिवारिक भाइयों के साथ मिलकर महिला के हत्या की साजिश रची थी। पति सहित मामले के फरार दो आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।




