गाजियाबाद में सराफा व्यापारी से दिनदहाड़े लूट में हल्का डीएलएफ प्रभारी निलंबित

गाजियाबाद। गाजियाबाद के साहिबाबाद में शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के डीएलएफ में सराफा व्यापारी रिजवान अहमद से हुई साढ़े पांच लाख की लूट में हल्का प्रभारी प्रतीक कुमार को लापरवाही के चलते निलंबित कर दिया गया है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने उन्हें हटाने की मांग की थी। पुलिस उपायुक्त ट्रांस हिंडन विवेक चंद यादव ने निलंबन किया। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र की डीएलएफ पुलिस चौकी से चंद कदम दूर भगत सिंह चौक पर शुक्रवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने सराफा व्यापारी की दुकान में घुसकर पिस्टल के बल पर पांच लाख के गहने और 40 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित की बेटी ने विरोध किया तो धक्का देकर गिरा दिया और गोली मारने की धमकी दी। बदमाश वारदात को अंजाम देकर चंद मिनट में फरार हो गए। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुटी है। डीएलएफ के भगत सिंह चौक पर सुहाग ज्वेलर्स के नाम से रिजवान अहमद की दुकान है। पास में ही उनका घर है।
दोपहर तीन बजे की है घटना
रिजवान ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे उनकी बेटी लवी और वह दुकान पर बैठे थे। उनकी बेटा रिहान भी दुकान पर पहुंचा। तभी दो बदमाश गमछे से चेहरा ढककर दुकान में आए। बेटे ने पूछा क्या चाहिए। तभी बदमाश ने अपने बैग से पिस्टल निकालकर बेटे के ऊपर तान दी। उनसे लाकर में रखे सोने चांदी के गहने देने के लिए कहा। एक बदमाश पिस्टल ताने रहा दूसरा अपने साथ लाए बैग में लाकर से डिब्बे निकालकर उसमें रखे गहने को बैग में भर रहा था। उन्होंने गल्ले में रखे 40 हजार रुपये भी लूट लिए। एक बदमाश बाहर जाकर बाइक स्टार्ट कर खड़ा हो गया। दुकान में पिस्टल लेकर खड़े बदमाश ने पीछा करने और शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देकर साथी के साथ बाइक पर बैठकर भोपुरा तिराहे की ओर भाग गए। पीड़ित ने बताया की लूटे गए गहने करीब पांच लाख रुपये के हैं और नकदी करीब 40 हजार रुपये है। घटना के बाद सहायक पुलिस आयुक्त शालीमार गार्डन, थाना प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button