मौत के बाद फतेहपुर में तीन अवैध नर्सिंग होम सीज, राधे को नोटिस

फतेहपुर,(उत्तर प्रदेश)। शहर में झोलाछापों ने नर्सिंग होम के रूप में दुकानें खोल रखी हैं। मरीज की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आता है। ऐसे ही एक मामले में एक नर्सिंग होम में मरीज की मौत के बाद महकमा हरकत में आया। छापामारी के दौरान बंद मिले नर्सिंग होम के बाहर सीज करने की नोटिस चस्पा कर दी गई। सोमवार को अस्पताल का पंजीयन न होने पर तीन नर्सिंग होम सीज कर एक को नोटिस जारी किया गया था।
सदर कोतवाली क्षेत्र के अंदौली स्थित केके नर्सिंग होम में एक महिला का रविवार को ऑपरेशन हुआ। रक्तस्त्राव से महिला की हालत गंभीर हो गई। इसके बाद नर्सिंग होम से महिला को कानपुर एक नर्सिंग होम में रेफर किया गया। वहां महिला की मौत हो गई। परिजन शव लेकर सोमवार को पहुंचे। इस दौरान थरियांव थाना क्षेत्र निवासी संचालक नर्सिंग होम बंद कर भाग निकला। कानपुर में जिस नर्सिंग होम में महिला भर्ती हुई थी, उसे भी जिला अस्पताल का एक सर्जन संचालित करता है। मौत की खबर फैलने पर एसीएमओ/झोलाछाप नोडल प्रभारी डा. इश्तियाक ने टीम के साथ नर्सिंग होम में छापामारी की। नर्सिंग होम बंद मिलने पर टीम ने सीज की कार्रवाई की।
उधर, बिंदकी बस स्टॉप संचालित न्यू काव्या हास्पिटल व शांतिनगर नगर रमवां रोड स्थित लोधी नर्सिंग होम को भी सीज किया गया ।वहीं, शांतिनगर स्थित राधे नर्सिंग होम को नोटिस दी गई है। पहले भी राधे नर्सिंग होम को नोटिस दी जा चुकी है। एसीएमओ डॉ. इश्तियाक ने बताया कि नोटिस के बाद नर्सिंग होम संचालित पाए जाने पर सीज किया जाएगा। संचालक किराए पर जगह लेकर नर्सिंग होम का संचालन करते हैं। नए पंजीयन के अभिलेख सामने आने पर पूरी जांच की जाती है। ऐसे नर्सिंग होम की जांच की जाएगी।




