प्रताप नगर में जिओ टावर पर विजिलेंस की छापेमारी से मचा हड़कंप, कनपुरवा क्षेत्र के अन्य टावरों की जांच कब?

खखरेरू नगर पंचायत के वार्ड नंबर छह प्रताप नगर में बुधवार को विजिलेंस टीम ने जिओ टावर पर छापेमारी कर वैध विद्युत कनेक्शन के दस्तावेज न मिलने पर बिजली आपूर्ति काट दी। बताया जाता है कि टावर करीब पांच वर्षों से संचालित था।

संवाददाता/सत्येंद्र शुक्ला

फतेहपुर,उत्तर प्रदेश। नगर पंचायत खखरेरू के वार्ड नंबर छह प्रताप नगर में संचालित जिओ मोबाइल टावर पर बुधवार को विजिलेंस टीम की छापेमारी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान टावर का वैध विद्युत कनेक्शन नहीं पाए जाने पर टीम ने मौके पर ही बिजली आपूर्ति काट दी। बताया जा रहा है कि उक्त टावर करीब पांच वर्षों से बिना वैध विद्युत कनेक्शन के संचालित हो रहा था। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और मोबाइल टावरों के विद्युत कनेक्शन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, खखरेरू विद्युत उपकेंद्र कनपुरवा के अंतर्गत प्रताप नगर स्थित जिओ मोबाइल टावर के संबंध में विजिलेंस टीम को अनियमितता की सूचना मिली थी। इसी आधार पर बुधवार दोपहर करीब दो बजे टीम ने अचानक टावर परिसर में छापेमारी की। जांच के दौरान टावर संचालक की ओर से वैध विद्युत कनेक्शन से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद टीम ने तत्काल बिजली आपूर्ति विच्छेदित कर दी। कार्रवाई के दौरान एसडीओ, अवर अभियंता (जेई), लाइनमैन सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।

इस मामले ने बिजली विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि टावर करीब पांच वर्षों से बिना वैध विद्युत कनेक्शन के संचालित हो रहा था तो इतने लंबे समय तक इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को क्यों नहीं हो सकी? नियमित निरीक्षण और विद्युत चोरी पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी निभाने वाले विभागीय तंत्र की भूमिका की भी जांच किए जाने की जरूरत महसूस की जा रही है।

विजिलेंस की कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने कनपुरवा पावर हाउस क्षेत्र में संचालित अन्य मोबाइल टावरों की भी जांच कराने की मांग उठाई है। लोगों का दावा है कि इस क्षेत्र में चार से पांच अन्य मोबाइल टावर भी संचालित हैं। ऐसे में इन सभी टावरों के विद्युत कनेक्शन, स्वीकृत भार और संबंधित दस्तावेजों की जांच कराई जानी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार के अवैध विद्युत उपयोग का पता लगाया जा सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब एक मोबाइल टावर में अनियमितता मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा सकती है तो अन्य टावरों की जांच में देरी क्यों हो रही है? बिजली विभाग और विजिलेंस टीम को पूरे क्षेत्र में निष्पक्ष अभियान चलाकर सभी मोबाइल टावरों की जांच करनी चाहिए। अब देखना यह है कि विभाग इस कार्रवाई को व्यापक अभियान का रूप देता है या कार्रवाई केवल प्रताप नगर स्थित एक टावर तक ही सीमित रह जाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button