डंपिंग ग्राउंड में मिला मानव कंकाल, हत्या की आशंका; शरीर के छह अंगों की मिलीं हड्डियां

गाजियाबाद। नंदग्राम थाना क्षेत्र के घूकना स्थित डंपिंग ग्राउंड में सोमवार देर शाम मानव कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो मानव शरीर के छह अंगों की हड्डियां मिली हैं। इसमें सिर, हाथ, पैर व धड़ का हिस्सा है।
पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सोमवार देर शाम स्थानीय लोगों ने घूकना के डंपिंग ग्राउंड में मानव शरीर का कंकाल पड़ा हुआ देखा। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की। कंकाल महिला का है या पुरुष का, इस बारे में पता नहीं चल सका है।
इसके पीछे कई प्रकार के अंदेशे जताए जा रहे हैं। एक अंदेशा जताया जा रहा है कि कंकाल काे कहीं से लाकर यहां फेंका गया है। इसके साथ ही हत्या की आशंका भी जताई गई है। साथ ही अंदेशा है कि टोना-टोटका के लिए कंकाल को लाया गया और यहां फेंका गया।
एसीपी नंदग्राम रवि कुमार सिंह का कहना है कि कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की जानकारी मिल सकेगी और कंकाल का डीएनए भी संरक्षित कराया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है।




