स्पेनिश चाकू से महिला जज की कार के टायर पंचर

नई दिल्ली। आइपी इस्टेट इलाके में रोडरेज में थार सवार युवक ने महिला जज के साथ बदसलूकी की। आरोपित ने स्पेनिश चाकू से जज की कार के चारों पहिये पंचर कर दिए, विरोध करने पर जज की कार के चालक को जान से मारने की धमकी दी।जब महिला जज ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना देन की बात कही तो आरोपित फरार हो गया। वारदात आठ अप्रैल की दोपहर साढ़े 12 से एक बजे के बीच की है। मामले में आइपी इस्टेट थाना पुलिस ने शुक्रवार को आरोपित ऐश्वर्य चटर्जी को करनी रेंज से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित राष्ट्रीय स्तर का शूटर है। चूंकि मामला जमानतीय था, इसलिए आरोपित को थाने से जमानत मिल गई।
आठ अप्रैल को सिविल जज प्रियंवदा लाल को लेकर चालक गौरव जोशी उत्तर प्रदेश के बागपत से बसंत कुज लेकर जा रहे थे। जब वह आउटर रिंग रोड पर पहुंचे तो एक थार तेज रफ्तार में ओवरटेक करने कीे कोशिश करने लगी। गौरव ने साइड दे दी। इसके कुछ देर बाद थार उनकी कार से पीछे हो गई। सीलमगढ़ फ्लाईओवर के पास थार ने जज की कार को पीछे से जोरदार टक्कर मारी। दोनों कार रूकी। जब गाैरव अपनी कार से उतर कर थार सवार युवक से बात करने लगे तो युवक ने गाली गलौज शुरू कर दी। इसके बाद वह अपनी कार एक फुट लंबा स्पेनिश चाकू लेकर आया और जज की कार के चारों पहिए पंचर कर दिए। इसके बाद युवक गौरव को चाकू मारने का प्रयास करने लगा। इस पर महिला जज ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना देने की बात कही तो आरोपित फरार हो गया।
कार की फोटो से आरोपित तक पहुंची पुलिस
वारदात के दौरान महिला जज ने आरोपित की थार कार का फोटो खींच लिया था, इस फोटो की मदद से पुलिस ने थार का नंबर लिया। इसके बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपित इन दिनों राष्ट्रीय चैंपियनशिप की तैयारी कर रहा है। वह दो बार 10 मीटर एयर राइफल राज्यस्तरीय प्रतियोगिता जीत चुका है। मामले में दर्ज की एफआइआर के अनुसार, आरोपित की कार में एक महिला भी बैठी हुई थी। वारदात के दौरान वह कार से बाहर निकली। उसने आरोपित से कहा था कि इनकी गाड़ी फोड़ दो, इन्हें सबक सिखाते हैं, बड़े कार पर न्यायाधीश का स्टीकर लगा रहे हैं।




