कानपुर में दंगे और कर्फ्यू के लिए जिम्मेदार लोगों को सपा ने टिकट दिये: मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ

कानपुर,(उत्तर प्रदेश)। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने मंगलवार को कहा कि जो लोग कानपुर में कर्फ्यू और दंगे के लिए जिम्मेदार थे, वे आज समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी बनकर आपके सामने हैं। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कानपुर वासियों से नगर निकाय चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों के लिए वोट की अपील करते हुए कहा, जो लोग कानपुर के कर्फ्यू के लिए जिम्मेदार थे, दंगे के लिए जिम्मेदार थे,कानपुर में भारत की आस्था के साथ खिलवाड़ करने के जिम्मेदार हैं, वो लोग आज समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी बनकर आपके सामने आए हैं।’’

उन्होंने परोक्ष रूप से तंज कसते हुए कहा कि मातृ शक्ति और रामायण जैसे पवित्र ग्रंथ के विषय में उनकी कैसी-कैसी टिप्पणियां होती हैं, ये किसी से छिपा हुआ नहीं है। उन्होंने कानपुर के लोगों से कहा कि इस मेट्रो शहर को फिर से बुनियादी सुविधाओं से युक्त और बेहतर बनाने के लिए डबल इंजन सरकार के साथ एक ट्रिपल इंजन को भी जोड़ना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी कानपुर कर्फ्यू के लिए जाना जाता था, आज कानपुर में हवाई अड्डा बनकर तैयार हो चुका है और इसी महीने इसका उद्घाटन होने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ-कानपुर के बीच में ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस हाईवे एक नई पहचान बना रहा है।

उन्होंने कहा कि विगत वर्ष ही प्रधानमंत्री के सानिध्य में कानपुर को मेट्रो का उपहार मिला है और मेट्रो के दूसरे चरण का कार्य भी युद्धस्तर पर चल रहा है। आदित्यनाथ ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के समय इसी कानपुर में कट्टे (तमंचे) बनते थे, आज कानपुर में डिफेंस कॉरिडोर का एक नया नोड तैयार हो रहा है। उन्होंने कहा कि देश के रक्षा उत्पादन के केंद्र के रूप में कानपुर एक नई पहचान बना रहा है। बाद में बांदा में एक जनसभा में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि बुंदेलखंड से आज बंजर और बीहड़ की समस्या समाप्त हुई है और यह धरती का स्वर्ग बनेगा। उन्होंने कहा कि चार माह में बांदा के हर घर को नल से शुद्ध जल देने का काम पूरा होने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस बांदा की पहचान कभी कूड़े के ढेर के रूप में होती थी, आज आप सब देख रहे होंगे कि यहां चौड़ी सड़कें और चमचमाती स्ट्रीट लाइट जल रही हैं और सुंदर पार्क इसकी शोभा बढ़ा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान नीलकंठ महादेव के आशीर्वाद से आज कालिंजर की पुरानी आभा को पुनर्स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि जिस भूमि को साक्षात वामदेव जैसे ऋषियों का आशीर्वाद मिला हो, वो पूरा बुंदेलखंड क्षेत्र आज विकास की नई इबारत लिख रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे बन चुका है। चित्रकूट में एक अन्‍य सभा में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन की सरकार चित्रकूट को विकास से जोड़कर उसे उसकी मौलिक पहचान दिलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि चित्रकूट को डकैतों, अपराध और अपराधियों से मुक्त करके फिर से सनातन हिंदू धर्म के पवित्र स्थल के रूप में स्थापित किया जा रहा है।

विपक्षी पार्टियों पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि डॉ. लोहिया ने रामायण मेलों की शुरुआत की थी, लेकिन डॉ. लोहिया के नाम पर राजनीति करने वाली समाजवादी पार्टी कहती है कि राम तो थे ही नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने अयोध्या में राम भक्तों पर गोली चलवाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत तुलसीदास के रामचरितमानस पर वे लोग अनर्गल टिप्पणियां कर रहे हैं, वे प्रभु श्रीराम के अस्तित्व पर प्रश्न खड़ा करते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button