रतलाम में जया किशोरी ने सनातन धर्म को लेकर कही बड़ी बात, कथा में उमड़े श्रद्धालु

रतलाम,(मध्य प्रदेश)। प्रसिद्ध कथा वाचिका जया किशोरी इन दिनों रतलाम के कनेरी गांव में भागवत कथा कर रही हैं। उनकी कथा में रोज हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। कथा और सुरीले भजनों के बीच जया किशोरी ने सनातन धर्म को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि सनातन धर्म आंख पर पट्टी बांधना नहीं सिखाता।कनेरी की कथा में जया किशोरी ने कहा कि सनातन धर्म कभी नहीं कहता कि आप आंखों पर पट्टी बांधकर रहें। हर बात पर आंखें मूंदकर भरोसा करने की सीख सनातन धर्म नहीं देता। सुनी हुई बातों पर चिंतन करना चाहिए।
उन्होंने कथा के प्रसंग के दौरान सकारात्मक सोच का महत्व भी बताया। जया किशोरी ने कहा कि नकारात्मक विचार जीवन में निराशा का भाव पैदा करते हैं। इसलिए परिस्थितियां चाहे कैसी भी हों, सोच हमेशा सकारात्मक रखनी चाहिए। जया किशोरी की कथा में रोज हजारों की तादाद में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पंडाल में कहीं पैर रखने की जगह नहीं होती। प्रसंगों के दौरान उनके भजनों को सुनकर लोग भक्ति में लीन नजर आते हैं। 12 अप्रैल से शुरू हुई भागवत कथा के पहले दिन जया किशोरी का अलग अंदाज दिखा। वे बुलेट और कारों के काफिले के साथ कथा स्थल पर पहुंचीं। कथा की शुरुआत से पहले कलश यात्रा निकाली गई।




