शादी की तैयारियों के दौरान सिलेंडर में लगी आग, 2 रसोइयां जिंदा जलीं, एक झुलसा

आगरा,(उत्तर प्रदेश)। आगरा में थाना सिकंदरा क्षेत्र के सुंदरवन में एक शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। गैस सिलेंडर में आग लगने से खाना पकाने का काम करने आईं दो महिलाएं जिंदा जलकर मर गईं, जबकि हलवाई गंभीर रूप से झुलस गया। कॉलोनी के लोगों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। समारोह को रद्द कर दिया गया। मकान में खाना पकाया जा रहा था।

सुंदरवन कॉलोनी के रहने वाले मदनलाल के दो बेटे इंदर और करन की शादी की तैयारियां चल रही थीं। रविवार को लगन समारोह था। इसके लिए मदन ने पड़ोस के दीपक के घर में हलवाई को बैठा दिया था। यहां खाना पकाने का काम चल रहा था। दोपहर करीब 12:30 बजे हलवाई कैलाशी गैस सिलेंडर का रेग्यूलेटर लगा रहा था। नगलाबुढ़ी की रहने वाली लीलावती (57), शीला देवी (60) और बर्फी देवी (63) सब्जियां बनाने की तैयारियों में लगी थीं। एक गैस सिलेंडर से दो चूल्हे जल रहे थे। अचानक रेग्यूलेटर की पिन टूट गई और सिलेंडर से तेजी से गैस निकली और आग लग गई। लीलावती और शीला देवी आग की लपटों में घिर गईं दोनों मौके पर ही जिंदा जलकर मर गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गैस के दोनों चूल्हे जल रहे थे। रेग्यूलेटर की पिन इतनी टाइट कर दी गई थी कि प्रेशर से उसकी पिन टूट गई। गैस इतनी तेजी से निकली और जलते हुए चूल्हे में आग पकड़ ली। लीलावती और शीला देवी को बचने का समय तक नहीं मिला, जबकि हलवाई कैलाशी झुलस गया। सूचना पर स्थानीय पुलिस और डीआईजी अग्निशमन एवं आपात सेवा जुगल किशोर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडर की पिन टूटने से हादसा हो गया। घटना से मदनलाल का सदमा लगा है। उन्होंने कार्यक्रम निरस्त कर दिया है।

सुंदरवन कॉलोनी में रहने वाले वीनेश एक जूता कारीगर है। रविवार का दिन था। अवकाश होने के चलते ज्यादातर लोग अपने घरों पर थे। हादसे के दौरान वीनेश ने जलते हुए सिलेंडर पर पानी की बाल्टी रख दी। इसके बाद सिलेंडर को पानी से भरे ड्रम में डाल दिया। वीनेश की सूझबूझ से हादसा टल गया। नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस बचाव काम में वीनेश के हाथ भी झुलस गए, लेकिन अपनी जान की परवाह न करते हुए उसने साहस दिखाया। वीनेश के साहस का कॉलोनी के लोगों ने खूब सराह रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button