दिल्‍ली से नोएडा आ रही महिला के पीछे लग गए बदमाश, पर्स लूटने के चक्‍कर में चलती बाइक से दे दिया धक्‍का

नोएडा। दिल्‍ली से सटे गौतमबुद्ध नगर जिले में कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। नोएडा में फिर बदमाशों के हौसले बुलंद दिखाई दे रहे हैं। इस बार अपराधियों का शिकार दिल्ली से नोएडा आ रही एक महिला हुई है। शुक्रवार को बाइक सवार बदमाशों ने महिला से लूट करने का प्रयास किया। जब लूटने में सफल नहीं हो पाए तो महिला को चलती बाइक से धकेल दिया। हादसे में महिला मुंह के बल गिर गई और उसके शरीर के कई अंगों पर गंभीर चोट आई है। सड़क पर चल रहे राहगीरों ने घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट करवाया। घायल महिला नोएडा की एक हाउसिंग सोसायटी में रहती है। वह दिल्ली स्थित एक आईटी कंपनी में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत है।
शुक्रवार की शाम 5 बजे दिल्ली के लाजपत नगर से महिला उबर बाइक से नोएडा आ रही थी। महिला जब दिल्ली कालिंदी कुंज पर पहुंची तो वहीं से कुछ बदमाशों ने लूट की फिराक से महिला का पीछा करना शुरू कर दिया। महिला के हाथ में से बैग लूटने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाए। बाइक सवार बदमाशों ने महिला का दोबारा पीछा किया और फिर बैग लूटने का प्रयास किया। महिला के विरोध करने पर बदमाशों ने महिला के साथ बाइक पर ही धक्का-मुक्की करनी शुरू कर दी। महिला चलती बाइक से नीचे सड़क पर मुंह के बल गिर गई। इस हादसे में महिला के सिर, नाक और चेहरे सहित शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आई है।

नोएडा के एडीसीपी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि थाना सेक्टर-39 पुलिस ने पीड़िता से सम्पर्क किया है। पीड़िता के भाई से सम्पर्क किया गया तो उन्‍होंने बताया कि पहले यह घटना कालिंदी कुंज मैट्रो स्टेशन दिल्ली में हुई थी। दूसरी बार यह घटना बोटेनिकल गार्डन नोएडा में हुई। सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक्स सर्विलेंस की मदद से इन बदमाशों की पहचान की जाएगी। घायल महिला की हालत में सुधार हो रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button