आजमगढ़ के डीएम ने शिक्षा अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक: प्रत्येक माह 40 विद्यालयों का निरीक्षण करने को दिए गए निर्देश

आजमगढ़,(उत्तर प्रदेश)।आजमगढ़ जिले के डीएम विशाल भारद्वाज की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शिक्षा सेक्टर के अन्तर्गत बेसिक शिक्षा एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। डीएम ने बीएसए और खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रत्येक माह कम से कम 40 विद्यालयों का निरीक्षण कर विद्यालयों का फीडबैक प्रेरणा पोर्टल पर अपडेट करना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति, विद्यालय भवन में कायाकल्प की स्थिति, निपुण भारत में बच्चों के ज्ञान का आकलन की जांच करें। शिक्षकों के द्वारा पांच योजना बनाकर कक्षाओं में संचालित करायें और प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों में टीचर लर्निंग मैटेरियल का उपयोग शत प्रतिशत कराना सुनिश्चित करें।
कन्या सुमंगला योजना के पात्र 10 दिन में कराएं पंजीकरण
जिले के डीएम विशाल भारद्वाज ने विद्यालयों में कायाकल्प के अन्तर्गत रंगाई, पुताई, विद्युतीकरण, मल्टीपल हैण्डवॉश, ब्लैकबोर्ड की प्रगति खराब पाये जाने पर बीएसए को निर्देश दिये कि संबंधित खण्ड शिक्षा अधिकारियों से उक्त कार्य शत प्रतिशत पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिये कि संबंधित ब्लाक के अन्तर्गत समस्त विद्यालयों में कक्षा एक और कक्षा छह में नामांकित पात्र लाभार्थियों को कन्या सुमंगला योजनान्तर्गत 10 दिन के अन्दर पंजीकरण कराना सुनिश्चित करें। समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी बीएसए को इसका प्रमाण पत्र उपलब्ध करायें कि विद्यालयों में कन्या सुमंगला योजना के अन्तर्गत किसी भी पात्र लाभार्थी का पंजीकरण कराना अवशेष नही है। इसके साथ ही बीएसए को निर्देश दिये कि कम्प्युटर, ब्लाक एमआईएस, ब्लाक क्वालिटी कोआर्डिनेटर के संबंध में जो टेण्डर की प्रक्रिया की जा रही है, उसे इस माह में शत प्रतिशत पूर्ण करना सुनिश्चित करें। जर्जर भवन के स्थान पर प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों का निर्माण कार्य पीसीसीडी, आरईडी एवं यूपी सिडको द्वारा कराया जा रहा है। डीएम ने माध्यमिक शिक्षा के अन्तर्गत संचालित विद्यालयों में भी कन्या सुमंगला योजना के अन्तर्गत पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कराये जाने के लिए डीआईओएस को निर्देश दिये।




