थाने के मुंशी पर महिला पुलिसकर्मियों का आरोप, ड्यूटी लगाने के बदले शारीरिक संबंध बनाने की करता मांग

नई दिल्ली। फतेहपुर बेरी थाने में तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने थाने के मुंशी (ड्यूटी आफिसर) के खिलाफ नस्लभेदी टिप्पणी करने और यौन शोषण का आरोप लगाया है। मामले में महिला पुलिसकर्मियों ने दिल्ली पुलिस आयुक्त और विशेष पुलिस आयुक्त (विजिलेंस) को शिकायत दी है। महिला पुलिसकर्मियों का कहना है कि चिठ्ठा मुंशी उन्हें ड्यूटी पर तैनाती के बदले शारीरिक संबंध बनाने के लिए कहता है। पुलिस आयुक्त से आरोपित पुलिसकर्मी पर कार्रवाई की गुहार लगाई गई है। आरोप है कि मामले में एसएचओ से शिकायत की गई थी लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। दक्षिणी जिले की पुलिस उपायुक्त चंदन चौधरी ने बताया कि आरोपित की शिकायत के बाद विभागीय जांच की जा रही है।
महिला पुलिसकर्मियों का आरोप है कि हेड कांस्टेबल मुंशी थाने में ड्यूटी लगाने के नाम पर उनसे पैसे और महंगे गिफ्ट मांगता है और उनसे शारीरिक संबंध बनाने के लिए कहता है। आरोपित की बात न मानने पर वह अनायास ही काम का प्रेशर बनाता है। आरोप है कि हेड कांस्टेबल ने कई महिला पुलिसकर्मियों के साथ इस तरह का व्यवहार किया है। आरोप है कि थाने में काम करने को लेकर भी नस्लभेदी टिप्पणी की जाती है। वह थाना चलाने के लिए महिला स्टाफ की जरूरत नहीं होने की बात कहता है। इसके चलते थाने की सभी महिला स्टाफ ने पुलिस आयुक्त, विशेष पुलिस आयुक्त विजिलेंस, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त विजिलेंस, पुलिस उपायुक्त विजिलेंस, पुलिस उपायुक्त दक्षिणी जिला सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी शिकायत दी है।




