मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में पहुंचे दिग्गज नेता, सैफई में हुआ अंतिम संस्कार

सैफई,(उत्तर प्रदेश)। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का आज उनके गांव सैफई में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके अंतिम संस्कार में लोगों का जनसैलाब उमड़ा था। इसके अलावा देश के दिग्गज नेता भी पहुंचे थे। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, शरद पवार, तेजस्वी यादव, हेमंत सोरेन, अभिषेक बच्चन, अनिल अंबानी, सुब्रत रॉय, बाबा रामदेव जैसे लोग मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। मुलायम सिंह यादव को मुखाग्नि उनके बड़े बेटे अखिलेश यादव ने दी। इस दौरान पूरा सपा परिवार गम में डूबा हुआ दिखाई दे रहा था। लोगों की आंखों में आंसू थे। वहां जुटे लोग लगातार मुलायम सिंह यादव के समर्थन में नारे लगा रहे थे।

इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी श्रद्धांजलि देने सैफई नहीं आ सके, लेकिन उन्होंने मुझे अपनी ओर से ऐसा करने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि मुलायम सिंह यादव से हमारे बहुत अच्छे रिश्ते थे। मुलायम सिंह जी को धरती से जुड़ा हुआ नेता माना जाता था। उनके जाने से भारत की राजनीति को बहुत बड़ी क्षति हुई है। इससे पहले परिवार के लोग मंगलवार की सुबह मुलायम सिंह यादव (नेता जी) के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक आवास से मेला ग्राउंड के लिए एक रथ पर लेकर रवाना हुए। रथ पर मुलायम के पुत्र और सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत परिवार के सदस्य सवार थे। रथ के मेला ग्राउंड में पहुंचने पर वहां माहौल गमगीन हो गया। इस बीच ‘‘नेता जी अमर रहें’’ और ‘‘जब तक सूरज चांद रहेगा, मुलायम तेरा नाम रहेगा’’ जैसे कई नारे गूंजते रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button