अयोध्या के मंदिर से हटवाई गई सीएम योगी आदित्यनाथ की मूर्ति, निर्माण करवाने वाला प्रभाकर मौर्य फरार

अयोध्या,(उत्तर प्रदेश)। अयोध्या में बने ‘श्री योगी मंदिर’ की जमीन की जांच शुरू हो गई है। मंदिर का निर्माण करवाने वाले प्रभाकर मौर्य के चाचा की शिकायत के बाद एसडीएम के आदेश पर राजस्व निरीक्षक दयाराम वर्मा और दो लेखपालों की टीम ने जमीन की जांच की है। जांच के बाद पुलिस और प्रशासन ने मंदिर से योगी की मूर्ति को हटवा कर मंदिर खाली करवा दिया है।
गांव के रहने वाले रामनाथ मौर्य के मुताबिक पुलिस की बस आई थी, मौके पर किसी को जाने नहीं दिया गया। लोगों का कहना है कि मंदिर की मूर्ति को पुलिसवाले अपने साथ लेकर गए हैं। पुलिस और जिला प्रशासन इसके बारे कुछ बताने को तैयार नहीं है। प्रभाकर मौर्य को पुलिस तलाश रही है, जो अभी फरार है। यह मंदिर जिले के मसौधा ब्लॉक के मौर्य का पुरवा गांव में बनाया गया था। प्रभाकर मौर्य के चाचा और कुछ ग्रामीणों की शिकायत के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया। एसडीएम सोहावल मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत पर भूमि पैमाइश का आदेश दिया गया है। अभी जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
सीएम योगी आदित्यनाथ के लिए ऐसी दीवानगी कि बना डाला मंदिर। धनुषधारी योगी आदित्यनाथ की मूर्ति लगाई और करने लगे पूजा। देशभर में यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ के लाखों समर्थक हैं। सीएम योगी के समर्थक उनके लिए कई बार अपनी दीवानगी जाहिर कर चुके हैं। कोई उनकी तरफ कपड़े पहनते हैं तो कोई अपने शरीर पर टैटू बनवा चुके हैं। लेकिन इस बार तो प्रभाकर मौर्या नाम के इस समर्थक ने दीवानगी की सारी हदें पार कर दी। उत्तर प्रदेश नवनिर्माण सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित जानी ने योगी आदित्‍यनाथ को समर्पित मंदिर में सवा किलो का चांदी का छत्र चढ़ाकर पूजा अर्चना की। इस मौके पर उन्‍होंने सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव पर टिप्‍पणी की कि इस मंदिर से अखिलेश क्यों चिढ़ गए? उनके भी बहुत समर्थक हैं जो उनके नाम से ‘टीपू मदरसा इस्लामिया’ या ‘औरंगजेब मदरसा’ बना सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button