नौकरी दिलाने का झांसा देकर किया सामूहिक दुष्कर्म, तीन गिरफ्तार

नोएडा ब्यूरो। नौकरी दिलाने का झांसा देकर तीन आरोपियों ने बुलंदशहर निवासी महिला से दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने युवती से मारपीट की। पीड़िता आरोपियों के चंगुल से किसी तरह भाग निकली। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों राजवीर यादव, मंजर अब्बास और वीर प्रताप को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को आरोपियों को जिला न्यायालय में पेश किया गया। जहां तीनों को जेल भेज दिया गया।
सिग्मा एक सेक्टर निवासी सुरक्षाकर्मी राजवीर यादव ने रविवार को नौकरी दिलाने का झांसा देकर बुलंदशहर निवासी महिला को बुलाया था। महिला राजवीर के कमरे पर पहुंची थी। आरोप है कि राजवीर और उसके दो साथियों मंजर अब्बास और वीर प्रताप ने उससे सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता के विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी पिटाई कर दी। शौच का बहाना बनाकर महिला किसी तरह से आरोपियों के चंगुल से बचकर भागी। बदहवास हालत में महिला बीटा-2 कोतवाली पुलिस के पास पहुंची। महिला की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया।




